
Punjab Election News: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल ने अपनी ताकत बढ़ाने के लिए पुराने नेताओं को वापस जोड़ने के लिए मुहिम तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अब उन नेताओं को साथ लाने में जुटे हैं, जिन्होंने अलग-अलग कारणों से अकाली दल छोड़ दिया था। इस कोशिश के तहत वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा की पार्टी में वापसी हो चुकी है। अब पूर्व मंत्री और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की तीन बार अध्यक्ष रह चुकीं बीबी जागीर कौर ने भी 13 नवंबर को अकाली दल में लौटने का ऐलान किया है।
सुखबीर बादल ने सभी अकाली नेताओं से पंजाब और सिख पंथ के हित में एकजुट होने की अपील की है। उनका कहना है कि अलग-अलग गुट बनाकर काम करने के बजाय सभी नेताओं को पुरानी पार्टी के मंच पर आना चाहिए। उन्होंने अकाली दल पुनर्सुरजीत के नेताओं से भी पार्टी में लौटने की अपील की है।
प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने भी अपनी वापसी के पीछे पंथक एकता को बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के खिलाफ पंजाब के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए अकाली नेताओं का एक साथ आना जरूरी है। उन्होंने दूसरे नाराज नेताओं से भी अकाली दल में लौटने की अपील की है।
अकाली दल से अलग हुए नेताओं ने 11 अगस्त 2025 को अकाली दल पुनर्सुरजीत बनाया था। इसका मकसद पुरानी पार्टी से अलग होकर नया संगठन खड़ा करना था। शुरुआत में मनप्रीत सिंह अयाली, इकबाल सिंह झूंडा, संता सिंह उमैदपुरी, गुरप्रताप सिंह वड़ाला और सतवंत कौर जैसे नेता इस गुट के साथ आए थे। लेकिन कुछ ही समय बाद यहां भी नेताओं के बीच बिखराव शुरू हो गया।
कई नेताओं ने सुखबीर बादल की अगुवाई वाले अकाली दल में वापसी कर ली, जबकि कुछ दूसरे दलों से जुड़ गए। पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा आम आदमी पार्टी में चले गए। वहीं मनप्रीत सिंह अयाली और इकबाल सिंह झूंडा ने अमृतपाल सिंह के संगठन वारिस पंजाब दे का साथ पकड़ लिया। हालांकि, अकाली दल पुनर्सुरजीत के नेता परमिंदर सिंह ढींडसा का कहना है कि उनका संगठन अब भी मजबूत है।
दूसरी ओर, अमृतपाल सिंह से जुड़े संगठन वारिस पंजाब दे में भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। 28 अक्टूबर को संगठन ने पंजाब के सभी 23 जिलों की इकाइयां भंग कर जिला अध्यक्षों को हटा दिया था। इस फैसले का संगठन की पांच सदस्यीय समिति के नेताओं ने विरोध किया और इसे एकतरफा बताया। इसके दो दिन बाद 30 अक्टूबर को समिति के सभी पांच सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। इन नेताओं ने संगठन में बाहरी लोगों के दखल और चुनाव में टिकट बांटने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं।
पंजाब में चुनाव से पहले अकाली दल की इस कोशिश को गठबंधन की राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के साथ फिर से गठबंधन की चर्चाओं के बीच सुखबीर बादल पहले अपनी पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं। पुराने नेताओं की वापसी से पार्टी को संगठन के साथ-साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत में भी मजबूती मिल सकती है।
वहीं, वारिस पंजाब दे की अकाली दल पुनर्सुरजीत और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, वारिस पंजाब दे ने भाजपा के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया है। ऐसे में चुनाव से पहले अकाली दल में पुराने नेताओं की वापसी और दूसरे संगठनों में चल रही खींचतान ने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।