
PCS Recruitment Controversy: पंजाब में PCS भर्ती को लेकर विवाद बढ़ गया है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से कराई जा रही PCS भर्ती की पूरी चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। अदालत ने आयोग से भर्ती से जुड़े सभी रिकॉर्ड भी पेश करने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। इस फैसले के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि आखिरकार उन युवाओं की आवाज भी सुनी गई है, जो बिना पैसे और सिफारिश के अपनी मेहनत के दम पर नौकरी पाना चाहते हैं।
मजीठिया ने चंडीगढ़ में कहा कि इस मामले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी और फैसला उनके पक्ष में आया है। उन्होंने कहा कि न्याय की उम्मीद रखने वाले लोगों की आवाज आखिरकार अदालत तक पहुंची है। उनके मुताबिक, ऐसे उम्मीदवारों को भी अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए, जिनके पास न पैसा है और न किसी बड़े व्यक्ति की सिफारिश।
दरअसल, पंजाब PCS मुख्य परीक्षा का आयोजन अप्रेल 2026 में हुआ था। इसका नतीजा 4 नवंबर को घोषित किया गया। भर्ती के तहत 331 पद भरे जाने हैं, जबकि इंटरव्यू के लिए 751 उम्मीदवारों को चुना गया था। नतीजा आने के बाद कुछ उम्मीदवारों ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि नियमों के हिसाब से पदों के मुकाबले तीन गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना चाहिए था। इस हिसाब से 993 उम्मीदवारों का चयन होना चाहिए था। इसके अलावा चयन सूची में रोल नंबर के क्रम को लेकर भी सवाल उठाए गए।
याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि चयन सूची में 26 जगह ऐसे समूह मिले, जहां लगातार तीन या उससे ज्यादा रोल नंबर वाले उम्मीदवार सफल हुए। इन समूहों में कुल 86 उम्मीदवार शामिल बताए गए। कुछ परीक्षा केंद्रों से भी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाए गए। याचिकाओं में पंजाबी भाषा की योग्यता, उम्र की शर्तों में बदलाव और परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सील को लेकर भी आपत्तियां उठाई गई हैं। उम्मीदवारों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने और मामले की CBI या विशेष जांच टीम से जांच कराने की मांग भी की है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद PCS भर्ती की आगे की प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है। आयोग को भर्ती से जुड़े रिकॉर्ड अदालत में पेश करने होंगे। ऐसे में इंटरव्यू का इंतजार कर रहे 751 उम्मीदवारों की नजर अब 16 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर रहेगी। अदालत में होने वाली अगली सुनवाई से इस भर्ती के आगे के रास्ते को लेकर तस्वीर साफ होगी।