
Punjab Youth Congress: पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुंभम शर्मा की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि युवाओं के हक की आवाज उठाना अगर सरकार की नजर में गलत है तो कांग्रेस यह काम बंद नहीं करेगी। PCS परीक्षा को लेकर युवाओं के साथ खड़े हैं और आगे भी उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान परगट सिंह ने कहा कि वह गिरफ्तार यूथ कांग्रेस अध्यक्ष से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। अगर इसके लिए किसी पर कार्रवाई होती है तो भी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
दरअसल, 19 नवंबर को पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुंभम शर्मा और कुछ कार्यकर्ताओं ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन PCS परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर किया गया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता आयोग के दफ्तर में घुस गए, कार्यालय बंद कर दिया और दीवार पर 'PPSC चोर' लिख दिया। इस मामले में पुलिस ने शुंभम शर्मा और कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों पर आयोग के कर्मचारियों को अंदर रोकने का भी आरोप है। दूसरी ओर, कांग्रेस इस कार्रवाई को युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बता रही है। परगट सिंह ने कहा कि PCS परीक्षा को लेकर युवाओं के सवालों को उठाना जरूरी है और कांग्रेस इस मुद्दे पर उनका साथ नहीं छोड़ेगी।
बातचीत के दौरान परगट सिंह से पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि सिंधु नदी के पानी से जुड़े अधिकार और नियम पहले से तय हैं। किसी को भी कानूनी दायरे से बाहर नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में शांति बनाए रखना जरूरी है और राष्ट्रीय हित सबसे ऊपर होने चाहिए। भारत ने पाकिस्तानी मंत्री के दौरे को लेकर जो फैसला लिया है, वह सोच-समझकर ही लिया होगा। परगट सिंह ने यह भी कहा कि मामला संवेदनशील है, इसलिए वह ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहते जिससे पंजाब या देश की छवि पर असर पड़े।
गौरतलब है कि पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में शामिल होने भारत आए हैं।