चंडीगढ़ पंजाब

चंडीगढ में बोले पासवान,अकारण ही मोदी को बताया जा रहा दलित और पिछडा वर्ग विरोधी

पासवान ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री अति पिछडा वर्ग और गरीब परिवार से हैं...
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2018, 2:50 PM IST
RAM VILAS PASWAN PATRIKA
RAM VILAS PASWAN PATRIKA

(चंडीगढ): केन्द्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने शनिवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अकारण ही दलित और पिछडा वर्ग विरोधी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनका कोई दोष नहीं है। प्रधानमंत्री पर किसी तरह का आरोप नहीं है। पासवान ने यह भी कहा कि संविधान में आर्थिक आधार पर आरक्षण का प्रावधान नहीं है लेकिन संविधान में संशोधन कर सामान्य वर्ग के गरीबों को 15 फीसदी आरक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एससीएसटी एक्ट की मूल रूप में बहाली के लिए लोकसभा में जो विधेयक पेश किया है उसके लिए दलित वर्ग देशभर में 11 अगस्त से 14 अगस्त तक रैलियां आयोजित कर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देगा।


पासवान ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री अति पिछडा वर्ग और गरीब परिवार से हैं। उन्होंने गरीबों की समस्याओं को समझा है और इसलिए बगैर राशि जमा कराए बैंक में खाता खोलने के लिए जनधन जैसी योजना शुरू की। मात्र एक रूपए में बीमा कराने पर दो लाख रूपए की सुरक्षा हासिल करने जैसी योजना भी शुरू की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डाॅ अम्बेडकर के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने उलटे चुनाव में उन्हें हराने का काम किया। पासवान ने कहा कि जब तक कांग्रेस का शासन रहा संसद के सेन्ट्रल हाल में बाबा साहब की फोटो नहीं लगाई जा सकी। जब वीपी सिंह के नेतृृत्व में केन्द्र में सरकार बनी तब संसद के सेन्ट्रल हाल में बाबा साहब की फोटो लगाई गई।


उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भी बाबा साहब की जन्म स्थली मध्यप्रदेश के मउ,मुंबई के आवास और लंदन में पढाई के दौरान रहे आवास समेत चार स्थानों पर संग्रहालय और अन्य रूप में बाबा साहब के स्मारक बनवाए है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति पर अत्याचार गंभीर रूप में सामने आने पर एससीएसटी एक्ट बनाया गया था। यह संविधान के अनुच्छेद 15-4 के तहत सरकार को मिले विशेष कानून के तहत बनाया गया। सुप्रीम कोर्ट ने इस कानून पर आदेश दिया कि जांच के आधार पर अग्रिम जमानत मंजूर की जा सकती है। इस आदेश में सरकार का कोई दोष नहीं था। यह न्यायालय का आदेश था। इस आदेश को बेअसर करने के लिए लोकसभा में विधेयक लाया गया। लोकसभा में सोमवार को और मंगलवार को राज्यसभा में पारित होकर पुराना कानून बहाल हो जाएगा।


उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस कदम से सभी की बोलती बन्द हो गई। मोदी सरकार के दलित विरोधी होने की धारणा को रामविलास पासवान ठीक करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष मेहनत तो करे लेकिन वर्ष 2024 तक विपक्ष के लिए कोई वैंकेंसी नहीं है।

राजद नेता तेजस्वी यादव के धरने पर पासवान ने कहा कि तेजस्वी बच्चे है। लेकिन जब भ्रष्टाचार के मामलों से घिरे है तो धरना देने से क्या होगा। भ्रष्टाचार का आरोप अकेले लालू यादव पर ही नहीं पूरे परिवार पर है। बिहार में मुजफ्फरपुर जैसी घटनाएं दुखद है। पर बात यह है कि सरकार क्या करती है। एनआरसी पर पासवान ने कहा कि जो विदेशी हैं उन्हें जाना चाहिए। पासवान ने कहा कि सरकार के पास इतना अनाज है कि सुप्रीम कोर्ट कभी कहता है कि अनाज अगर सड रहा है तो गरीबों को बांट दो।

Published on: