मनीमाजरा में एकत्रित लोगों ने पीसीआर का घिराव कर लिया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर पथराव कर दिया।
चंडीगढ़। कोरोनावारस रोकने के लिए पूरे देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन है। केन्द्र शासित प्रदेश में चंडीगढ़ में पंजाब की तरह कर्फ्यू लगा हुआ है। अष्टमी पर कुछ महिलाएं कन्या लांगुर (कंजक) को साथ ले जा रही थीं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने रोका। इसके बाद लोग भड़क गए और पथराव कर दिया। पुलिस ने लोगों को भगाया।
ये है घटनाक्रम
घटना चंडीगढ़ के ऐतिहासिक कस्बा मनीमाजरा के शांतिनगर की है। अष्टमी पर पूजन के लिए चार महिलाएं कंजकों को साथ लेकर जा रही थीं। इस समय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सक्रिय हैं। सोशल डिस्टेंस का पालन करवा रहे हैं। कर्मचारियों ने महिलाओं को रोका और डांटकर भगा दिया। इसी दौरान एक महिला मूर्छित हो गई। महिला को पीसीआर कर्मचारी उठाकर ले जाने लगा, तो लोग एकत्रित हो गए। पीसीआर का घिराव कर लिया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर पथराव कर दिया।
पुलिस पर हमला कियाःएसएचओ
बाद में और पुलिस बल आया। उसने आकर लोगों को काबू किया। पुलिस ने लाठियां फटकारीं। कई लोग घायल हो गए। पुलिस घायलों को जीएमएसच-16 ले गई। बेहोश हुई महिला की हालत ठीक नहीं है। इस बारे में एसएचओ जसविंदर कौर का कहना है कि एक महिला बेहोश होकर नीचे गिर गई थी। कुछ लोगों को लगा कि पुलिस ने इसे कुछ कहा है और इस कारण वह बेहोश हुई है। लोग महिला को हॉस्पिटल ले जाने नहीं दे रहे थे और पुलिस पर उन्होंने हमला किया। इस घटनाक्रम में कुछ लोगों को पाबंद किया गया है।