चंडीगढ़ पंजाब

मुझे शो काॅज नोटिस या किसी कार्रवाई का इंतजार है-सुखपाल खैहरा

खैहरा ने कहा कि राजनीति से प्रेरित होकर उन्हें महिला और दलित विरोधी बताया जा रहा है। ये दोनो ही आरोप सही नहीं है...
2 min read
• •
Updated: 5 Aug 2018, 7:39 PM IST
sukhpal kahira
sukhpal kahira

(चंडीगढ): पंजाब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुखपाल खैहरा ने हाल में भटिंडा में बागी तेवरों के साथ शक्ति प्रदर्शन के लिए अपने समर्थकों के सममेलन के आयोजन के बाद बागी सुरों को बरकरार रखते हुए रविवार को यहां कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से शो काॅज नोटिस या किसी भी कार्रवाई का इंतजार है।


भटिंडा सम्मेलन में पार्टी नेतृत्व को चुनौती देते हुए पार्टी की पंजाब इकाई को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया था और विधायक दल के नेता का चुनाव एक सप्ताह में चंडीगढ में विधायकों की बैठक बुलाकर कराने की मांग की गई थी। खैहरा ने कहा कि राजनीति से प्रेरित होकर उन्हें महिला और दलित विरोधी बताया जा रहा है। ये दोनो ही आरोप सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने तो सर्वजीत कौर मानुके को विधायक दल में उपनेता बनाने की पेशकश की थी। उन्होंने दलित उपनेता बनाने का प्रस्ताव भी रखा था। खैहरा ने कहा कि पार्टी नेतृृत्व द्वारा इतनी दलित हित की बात की जा रही है तो राज्यसभा में क्यों नहीं दलित को भेजा गया? आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार में क्यों नहीं कोई प्रमुख पद दलित को नहीं दिया गया?


उन्होंने पंजाब की मौजूदा कैप्टेन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस व पूर्व की प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली अकाली दल सरकार को एक बताते हुए कहा कि दोनों का रवैया एक है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू ने पूर्व अकाली सरकार के दौरान की गई जनता के खजाने की लूट के मुद्ये तथ्यों के साथ उठाए हैं लेकिन कैप्टेन अमरिंदर सिंह सरकार कोई कार्रवाई नहीं करेगी, क्योंकि दोनों एक है।


उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2015 में गुरूग्रंथ साहिब के अपमान की घटनाओं के विरोध में फरीदकोट जिले के कोटकपुरा व बेहबल कलां गांवों में पुलिस फायरिंग को लेकर जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन ने दोषी पुलिस अफसरों को नामजद किया है। लेकिन कैप्टेन सरकार ने सीधे एफआईआर दर्ज करवाने के बजाय मामला सीबीआई को भेज दिया है। भटिंडा में एम्स के निर्माण में हो रहे विलम्ब पर खैहरा ने कहा कि पहले तो अकाली दल सरकार एम्स को दोआबा से भटिंडा ले गई। अब वहां काम जल्दी पूरा कराया जाना चाहिए क्योंकि पंजाब में कैंसर बहुत फैल चुका है।

Published on: