
राजेंद्र सिंह जादौन की रिपोर्ट...
(चंडीगढ): अन्तरराष्ट्रीय ख्याति के रेसलर दिलीप राणा उर्फ ग्रेट खली ने कहा है कि पंजाब के युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए खेल के मैदान की ओर मोड देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को जीवन के लक्ष्य भी दिए जाने चाहिए। खेल प्रतियोगिताओं पर पदक हासिल करने पर इन युवाओं को रोजगार दिए जाने चाहिए।
इंटरनेशनल रेसलिंग मैच कर हरे आयोजित
खली ने 4 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के मंडी के पड्डल मैदान और 7 जुलाई को सोलन के पुलिस लाइन मैदान में रेसलिंग के अन्तरराष्ट्रीय मुकाबले भी आयोजित करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इन मुकाबलों में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा हिमाचल के कैबिनेट मंत्री भी अतिथि होंगे। केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले,फिल्मी हस्ती राखी सावंत व हरियाणवी डांसर सपना चैधरी भी इस मौके पर पहुंचेंगे।
पूरा परिवार हो जाता है नशे से बर्बाद
खली ने कहा कि नशा करने से एक अकेला युवा ही बर्बाद नहीं होता बल्कि पूरा परिवार व समाज भी बर्बाद होता है। अभिभावकों को युवाओं को नशे से बचाने के लिए कम उम्र में ही खेल के मैदान की ओर मोड देना चाहिए। नशे के कारण मौतें होना बडा दुखद है। उन्होंने कहा कि अभिभावक इस बात पर जोर तो देते हैं कि परीक्षा में उनके बच्चों के 99 फीसदी अंक आएं लेकिन बच्चों को अनुशासन में रखने की ओर ध्यान नहीे दिया जाता। पंजाब में नशा थोडा ज्यादा हो सकता है लेकिन ऐसा कोई प्रदेश नहीं जहां नशा न हो। नशे के लिए सभी पक्ष जिम्मेदार है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए रोजगार से जोडा जाना चाहिए।
साहित्यकारों ने किया पटियाला टीम का गठन
बता दें कि पंजाब में युवा बड़ी संख्या में ड्रग की लत शिकार बन रहे है। ड्रग की यह आदत एक समस्या सी बन गई है। सरकार के साथ आमजन और साहित्यकार भी इस समस्या से निपटने के लिए खुलकर सामने आ रहे है। साहित्यकारों और जागरूक नागरिकों के एक समूह ने पंजाब में नशे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन लोगों ने पटियाला टीम के नाम से एक संगठन बनाया है जो जागरूकता फैलाने का काम करेगी।