
Verka New Rate List: दूध खरीदने वाले लोगों की जेब पर महंगाई का एक और असर पड़ा है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब वेरका ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने अलग-अलग पैकेट वाले दूध की कीमतों में 1 से 8 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें शुक्रवार, 13 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसका असर पंजाब, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों पर पड़ेगा।
वेरका की नई रेट लिस्ट के मुताबिक, आधा लीटर फुल क्रीम दूध अब 36 की जगह 38 रुपए में मिलेगा। स्टैंडर्ड दूध के लिए 33 की जगह 35 रुपए देने होंगे। इसी तरह टोंड दूध 30 से बढ़कर 31 रुपए, डबल टोंड दूध 27 से 28 रुपए और गाय का दूध 31 से बढ़कर 33 रुपए हो गया है। स्किम्ड दूध की कीमत भी 24 से बढ़ाकर 25 रुपए कर दी गई है।
एक लीटर दूध खरीदने वालों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। फुल क्रीम दूध की कीमत 72 से बढ़ाकर 76 रुपए कर दी गई है। स्टैंडर्ड दूध अब 65 की जगह 69 रुपए में मिलेगा। टोंड दूध के लिए 59 की जगह 61 रुपए और डबल टोंड दूध के लिए 53 की जगह 55 रुपए देने होंगे।
बड़े पैकेटों के दाम भी बढ़ाए गए हैं। डेढ़ लीटर फुल क्रीम दूध अब 106 की जगह 112 रुपए में मिलेगा। स्टैंडर्ड दूध की कीमत 96 से बढ़ाकर 102 रुपए और गाय के दूध की कीमत 90 से बढ़ाकर 96 रुपए कर दी गई है। वहीं, दो लीटर फुल क्रीम दूध के लिए अब 150 रुपए देने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 142 रुपए थी। दो लीटर स्टैंडर्ड दूध भी 128 की जगह 136 रुपए में मिलेगा।
वेरका ने कुछ दूध के पैकेटों की मात्रा घटाने का फैसला भी किया है। मौजूदा पैकिंग का स्टॉक खत्म होने के बाद 350 मिलीलीटर टोंड दूध का पैकेट 320 मिलीलीटर का हो जाएगा। इसी तरह 450 मिलीलीटर स्टैंडर्ड दूध के पैकेट में अब 430 मिलीलीटर दूध मिलेगा। यानी ग्राहकों को कुछ पैकेटों में पहले से कम दूध मिलेगा।
दूध महंगा होने के बावजूद वेरका ने लस्सी, दही, देसी घी और दूसरे डेयरी उत्पादों की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। इनकी पुरानी कीमतें ही रहेंगी। बल्क में मिलने वाले दूध के दाम और दुकानदारों का कमीशन भी पहले जैसा रखा गया है।
नई कीमतें पंजाब, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, कालका और रोपड़ सहित आसपास के इलाकों में लागू होंगी। दिल्ली-एनसीआर और कुछ दूसरे नजदीकी बाजारों में भी वेरका के नए रेट लागू किए गए हैं। कंपनी ने आसपास के बाजारों में दूसरी बड़ी डेयरी कंपनियों के दूध के दामों को देखते हुए यह फैसला लिया है।