Chennai महानगर में पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए ग्रेटर चेन्नई कार्पोरेशन ने 67 नए उद्यान बनाने का निर्णय लिया है।
- ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन ने लिया निर्णय
चेन्नई. महानगर में पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए ग्रेटर चेन्नई कार्पोरेशन ने 67 नए उद्यान बनाने का निर्णय लिया है। इनमें से 23 पार्क अगले अप्रेल तक तैयार हो जाएंगे। निगम आयुक्त जी. प्रकाश ने कहा सराकरी आदेशानुसार चेन्नई सिटी मेगा डवलपमेंट मिशन के तहत कुल 200 पार्क बनाने की योजना है। हम शहर की फिजां सुधारना चाहते हैं। शहर के मुख्य क्षेत्रों में बनने वाले इन पार्कों में कंपाउड वॉल, पैदल मार्ग, बच्चों के खेलने के लिए उपकरण, ओपन जिम, योग के लिए जगह, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, शौचालय, वर्षा जल संचयन, कंपोस्ट पिट जैसी सुविधाएं होंगी। ये उद्यान महानगर के सभी जोनों में बनाए जाएंगे। इनमें अंबत्तूर में 13, शोलिंगनल्लूर में 11 और पेरंगुडी व माधवरम में १०-10 पार्क होंगे।
उन्होंने बताया कि इन पार्कों के अलावा शहर में 15 करोड़ की लागत से 13 खेल के मैदान बनेंगे। अंबत्तूर वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव ने इस पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि इससे अंबत्तूर निवासियों को लाभ होगा। 2015 में पिछला पार्क इस क्षेत्र में बना था। यहां 45 स्क्वेयर फीट क्षेत्र के कुल चार पार्क हैं पर एक भी खेल का मैदान नहीं है। एक पेंरगुड़ी निवासी का कहना था कि पार्क बनाने से ही निगम के कर्तव्यों की इतिश्री नहीं हो जाती, इन उद्यानों का रखरखाव भी उसी की जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि निगम ने महानगर में 400 से अधिक खाली प्लॉट्स और खुले स्थानों की पहचान की है जहां पार्क विकसित किए जा सकते हैं। शहर में अभी 632 पार्क हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानदंडों के अनुसार प्रति व्यक्ति 9 वर्ग मीटर का हरियाली भरा क्षेत्र होना चाहिए जबकि चेन्नई महानगर में प्रति व्यक्ति 0.46 वर्गमीटर ही हरियाली है यानि 33 लोगों पर एक पेड़ है।
+-----------------