चेन्नई

पोल्लाची के बाद पेरम्बलूर में भी महिला यौन उत्पीडऩ!

- अधिवक्ता ने की एसपी से शिकायत- सत्तारूढ़ नेताओं की लिप्तता का आरोप
less than 1 minute read
Apr 26, 2019
news,harassment,sexual,Chennai,Patrika,female,Tamilnadu,Breaking,
पोल्लाची के बाद पेरम्बलूर में भी महिला यौन उत्पीडऩ!

चेन्नई. पोल्लाची यौन उत्पीडऩ कांड के काले अध्याय के बाद पेरम्बलूर भी इस सूची में शामिल हो गया है। पेरम्बलूर में भी महिलाओं को फांसने व आपत्तिजनक वीडियो बनाकर देह शोषण का मामला उजागर हुआ है।
पोल्लाची सेक्स कांड में युवतियों को इसी तरह फंसाया गया और उनके साथ गैंग रेप हुआ। इस कांड की जांच अभी भी जारी है जिसमें सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं की लिप्तता का आरोप है।
इसी कड़ी में पेरम्बलूर में सत्तासीन नेताओं के करीबियों द्वारा कॉलेज छात्राओं को अपने जाल में फंसाकर उनका रेप करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
एडवोकेट अरुल ने जिला एसपी को इस सिलसिले में शिकायत दी है कि सत्तारूढ़ पार्टी के एक प्रमुख नेता ने नौकरी की सिफारिश के लिए उनके पास आने वाली युवतियों का यौन उत्पीडऩ किया। इस दौरान नेता के करीबी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाया और फिर उन महिलाओं का अपने मित्रों के साथ मिलकर रेप किया। इस तरह करीब पंद्रह महिलाओं की अस्मत के साथ खिलवाड़ किया गया है।
वकील ने अपनी शिकायत में कॉलेजों की छात्राओं व महिला छात्रावास में बसी महिलाओं को भी शिकार बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा एक पीडि़ता ने थाने में शिकायत भी की, लेकिन पुलिस अधिकारी ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया और पीडि़ता को समझौता कराने के लिए शोषक के पास ले गया। अगर इन आरोपों की निष्पक्ष और गहनता से जांच की जाए तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आएगी।
जिला पुलिस इस शिकायत को लेकर चुप्पी साधे हैं जबकि पूरे पेरम्बलूर में इस कांड की चर्चा हो रही है।

Updated on:
26 Apr 2019 12:12 pm
Published on:
26 Apr 2019 12:12 pm