
प्रतीकात्मक तस्वीर
चेन्नई। माधवरम के गोल चौराहे पर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मां और छह महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पूंदमल्ली के कुमानन चावड़ी इलाके के रहने वाले नित्यानंदम (30) अपनी पत्नी शर्मिला (28) और बेटी प्रतीक्षा के साथ बाइक पर सवार होकर मनली में रिश्तेदारों के घर जा रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने एन्नोर पोर्ट की ओर जा रही एक लॉरी को ओवरटेक करने की कोशिश की तभी बाइक लॉरी से टकरा गई जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना में शर्मिला और उसकी मासूम बच्ची प्रतीक्षा लॉरी के नीचे फंस गई, जिससे उनकी मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। नित्यानंदम को मामूली चोटें आईं, उनको पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है हादसे की सूचना मिलते ही माधवरम ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन यूनिट पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्टेनली अस्पताल भेज दिया। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर नागरकोइल निवासी लॉरी चालक पोनराज (50) को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि बीते दिनों ही तमिलनाडु के मदुरै जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं करीब 41 लोग घायल हो गए थे। यह दुर्घटना कोट्टमपट्टी के पास उस समय हुई, जब एक निजी ओमनी बस और तमिलनाडु सरकार की बस आमने-सामने टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। केएमआर ट्रांज की निजी बस चेन्नई से मार्तंडम जा रही थी। बस में नीचे और ऊपर दोनों मंजिलों पर यात्रियों के लिए बेड की व्यवस्था थी।
वंचिनागरम फोर-लेन सड़क पर चलते समय अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही सरकारी बस से टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों को भारी नुकसान पहुंचा था। हादसे के बाद ओमनी बस सड़क किनारे बने बस स्टॉप से भी टकरा गई। उस समय बस स्टॉप पर सो रहा एक व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में सरकारी बस में सवार तीन लोगों, ओमनी बस में यात्रा कर रहे दो लोगों और बस स्टॉप पर सो रहे एक व्यक्ति की जान गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
Updated on:
18 Jul 2026 04:28 pm
Published on:
18 Jul 2026 04:28 pm
