16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘तुम अभी तक जिंदा हो?’ तमिलनाडु में लंच न लाने पर पति ने पहले घर में गोदा, फिर अस्पताल के ICU में घुसकर पत्नी को मार डाला

Trichy hospital murder case: तमिलनाडु के त्रिची में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: समय पर लंच न लाने से नाराज पति संतोष कुमार ने पहले घर में पत्नी कविता पर चाकुओं से जानलेवा हमला किया, फिर इलाज के दौरान निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में घुसकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
2 min read
Google source verification
Trichy hospital murder case

फिर अस्पताल के ICU में घुसकर पत्नी को मार डाला, फोटो- AI

husband kills wife in Trichy hospital: तमिलनाडु के त्रिची (तिरुचिरापल्ली) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे पति ने महज इसलिए अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह समय पर उसका लंच (दोपहर का खाना) लेकर नहीं आई थी। खौफ की हद तो तब पार हो गई जब पति ने पहले उसे घर में चाकुओं से गोदकर लहूलुहान किया और जब पत्नी बच गई, तो उसने अस्पताल के भीतर घुसकर उस पर दोबारा हमला कर उसकी जान ले ली।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 36 साल की कविता के रूप में हुई है, जो धीरन नगर की रहने वाली थी। उसका पति संतोष कुमार उर्फ ​​मूर्ति (40) शहर के मिलागुपाराई इलाके में एक बिरयानी की दुकान पर काम करता था। इस दंपति के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कविता रोजाना अपने पति के लिए उसकी दुकान पर दोपहर का खाना लेकर जाती थी। मंगलवार को किसी कारणवश वह खाना लेकर नहीं पहुंच पाई और उसने पति को इसकी सूचना भी नहीं दी। इस बात से आगबबूला होकर संतोष शाम को घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि उसने धारदार हथियार से कविता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और फरार हो गया।

सास को फोन कर दी जानकारी

वारदात के बाद संतोष ने अपनी सास को फोन किया और ठंडे दिमाग से कहा कि उसने कविता को चाकू मार दिया है, और फोन काट दिया। घबराई मां जब तुरंत बेटी के घर पहुंची, तो कविता खून से लथपथ पड़ी थी। उसे फौरन उरैयूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल के बेड पर पूछा- 'क्या तुम अभी भी जिंदा हो?'

हैवानियत का दूसरा दौर मंगलवार देर रात अस्पताल में देखने को मिला। इलाज करा रही कविता को लगा कि उसका पति शायद पछतावे में उससे मिलने आया है। लेकिन संतोष के सिर पर खून सवार था। वह छिपाकर लाया हुआ धारदार हथियार लेकर सीधे उसके वार्ड में दाखिल हुआ। कविता को जिंदा देख उसने गुस्से में चिल्लाकर पूछा- 'तुम अभी तक जिंदा हो?' और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अस्पताल के बेड पर ही कविता के पेट में एक के बाद एक कई वार कर दिए। अस्पताल परिसर के भीतर ही कविता ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

आरोपी पति गिरफ्तार, जांच जारी

अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना उरैयूर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान पर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।