
चेन्नई. दक्षिण भारत में नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बुधवार को मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्यों की सीमाएं सील करने, रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने और युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए संयुक्त जन-जागरूकता अभियानों की रूपरेखा तय की गई। चेन्निथला ने बताया कि केरल में चल रहे "ऑपरेशन तूफान" के तहत अब तक 6,000 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई है, 5,500 मामले दर्ज किए गए हैं तथा नशीले पदार्थों के तस्करों की संपत्तियां जब्त की गई हैं। उन्होंने कहा, "राज्य स्तर पर कार्रवाई सफल रही है, लेकिन नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अंतरराज्यीय अभियान जरूरी है।"
सीएम विजय ने दिलाया भरोसा
बैठक के बाद मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु-केरल सीमा को पूरी तरह सील करने का भरोसा दिलाया, ताकि अवैध नशीली दवाओं की आपूर्ति पर रोक लगाई जा सके। चेन्निथला ने कहा, "दोनों राज्यों की पुलिस अब मिलकर समन्वित निगरानी तंत्र स्थापित करेगी और खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था को संस्थागत रूप दिया जाएगा, ताकि अंतरराज्यीय तस्करों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।"
नेताओं ने बताया कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ युवा वर्ग को जागरूक करने के लिए फिल्मी हस्तियों की लोकप्रियता का भी सहारा लिया जाएगा। चेन्निथला ने विजय को केरल में एक बड़े एंटी-ड्रग्स सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया है, जहां मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल और विजय एक साथ मंच साझा करेंगे। दोनों पहले भी फिल्म ‘जिल्ला’ में साथ नजर आ चुके हैं।
विजय की लोकप्रियता का मिलेगा लाभ
चेन्निथला ने कहा, "ड्रग माफिया स्कूल और कॉलेज के छात्रों को निशाना बना रहा है। विजय की युवाओं में लोकप्रियता नशामुक्ति अभियान के लिए अहम होगी।" साथ ही उन्होंने बताया कि हाल ही में पांच दक्षिणी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों की बैठक भी हुई है और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार से सीमा सुरक्षा पर चर्चा हो चुकी है। इसके अलावा, दक्षिणी राज्यों की समन्वय समिति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष सीमा और बंदरगाह सुरक्षा के मुद्दे उठाएगी।इस मौके पर राजस्व व आपदा राहत मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन, आबकारी व प्रवर्तन विभाग मंत्री के. विघ्नेश, मुख्य सचिव साई कुमार व पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल मौजूद थे।
Updated on:
15 Jul 2026 05:09 pm
Published on:
15 Jul 2026 05:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
