
man suicide after dispute over dowry bike exchange, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Narsinghpur Suicide Case: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में एक युवक ने पत्नी से हुए विवाद के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बसेंडी गांव की है, घाटपिंडरई गांव के पास युवक का शव ट्रेन की पटरियों पर क्षत विक्षत हालत में मिला है और सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान हो पाई। घटना की वजह दहेज की बाइक एक्सचेंज कर नई बाइक खरीदना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसेंडी गांव का रहने वाला 32 वर्षीय लखनलाल धानक मंगलवार शाम को नई बाइक खरीदकर घर पहुंचा था। नई बाइक खरीदने के लिए उसने अपनी पुरानी बाइक एक्सचेंज की थी, पुरानी बाइक उसे शादी में दहेज में मिली थी। दहेज में मिली बाइक को एक्सचेंज करना लखनलाल की पत्नी को पसंद नहीं आया और जब लखनलाल नई बाइक लेकर घर पहुंचा तो पत्नी ने उसके साथ विवाद किया।
लखनलाल की पत्नी विनीता नई बाइक देखकर खुश होने के बजाए नाराज हो गई, उसे अपने घर वालों के द्वारा दहेज में दी गई पुरानी बाइक से लगाव था। ऐसे में जब लखनलाल नई बाइक लेकर घर पहुंचा तो पत्नी विनीता ने उससे विवाद किया और सवाल पूछा कि तुमने दहेज की बाइक क्यों बेच दी? दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ और पति लखनलाल गुस्से में घर से नई बाइक लेकर घर से निकल गया।
लखनलाल घर से निकलने के बाद बाइक से सीधे घाटपिंडरई गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रैक पर आ रही महानगरी एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रैक पर युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। सोशल मीडिया के जरिए मृतक की पहचान हुई जिसके बाद मृतक लखनलाल के परिजन पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सौंप दिया है। घटना के बाद लखनलाल के परिवार में गम का माहौल है और परिजन का रो-रोककर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
15 Jul 2026 06:06 pm
Published on:
15 Jul 2026 06:06 pm
