
चेन्नई.तमिलनाडु सरकार ने ‘नलमएआइ’ नामक व्हाट्सएप चैटबॉट लॉन्च किया है, जिससे लोग मोबाइल फोन के माध्यम से सरकारी अस्पतालों में ओपी (आउट पेशेंट) अपॉइंटमेंट और रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री केजी अरुणराज ने बुधवार को इस सेवा की शुरुआत की। पहले चरण में यह सुविधा चेन्नई और चेंगलपेट समेत 22 जिलों में उपलब्ध होगी।
मंत्री अरुणराज ने बताया, “अब लोग बिना कतार में लगे अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। अगर किसी के पास स्मार्टफोन या व्हाट्सएप नहीं है, तो वह परिवार के सदस्य, पड़ोसी या ई-सेवा केंद्र की मदद से अपॉइंटमेंट बुक करवा सकता है।” चैटबॉट की सुविधा पाने के लिए व्हाट्सएप नंबर 96192 22999 पर “हाय” भेजना होगा और निर्देशों का पालन करना होगा।स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि यह सेवा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में राजीव गांधी गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल, चेन्नई के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में 8 जुलाई से शुरू हो चुकी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पायलट प्रोजेक्ट की निगरानी के बाद यह सेवा राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों और विभागों में भी विस्तारित की जाएगी।मंत्री अरुणराज ने कहा, “इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच को डिजिटल तकनीक के माध्यम से आसान बनाना है। लोग अब घर बैठे व्हाट्सएप के जरिए रजिस्ट्रेशन और ओपी अपॉइंटमेंट कर सकते हैं।”
विभाग ने उम्मीद जताई है कि इस चैटबॉट से मरीजों का पंजीकरण सरल होगा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।अधिकारियों ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के अनुभव के आधार पर आगे विस्तार की योजना बनाई जाएगी। नलमएआइ व्हाट्सएप चैटबॉट से सरकारी अस्पतालों में बुनियादी प्रक्रियाओं के लिए मरीजों की भीड़ कम होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले राजीव गांधी जीएच में उन्नत गहन चिकित्सा इकाई का उद्घाटन किया।
Updated on:
08 Jul 2026 05:48 pm
Published on:
08 Jul 2026 05:48 pm
