एटीएम में चोरी करते पकड़े गए दो युवक, दो फरारबैंक चोरी प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार पिता की डांट बर्दाश्त नहीं कर सका किशोर, खुदकुशी की
एटीएम में चोरी करते पकड़े गए दो युवक, दो फरार
चेन्नई. आलवारपेट के टीटीके रोड स्थित एटीएम में तोडक़र चोरी का प्रयास करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी नशे में धुत थे और एटीएम में तोडफ़ोड़ करने की बात से इंकार कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी नंद कुमार और वेलू अमेंजीकरै के रहने वाले है। उनके पास से कोई औजार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार अलसुबह टीटीके रोड स्थित कैनरा बैंक के एटीएम में घुसकर दो युवक वहां तोडफ़ोड़ करने का प्रयास कर रहे थे और दो साथी एटीएम के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान गश्त दे रही पुलिस जब वहां पहुंची तब एटीएम के बाहर खड़े दोनों युवक भाग गए।
बैंक चोरी प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
चेन्नई. महानगर पुलिस ने सोमवार अलसुबह पूंदमल्ली हाई रोड पर डीएलएफ कार्यालय के निकट निजी बैंक में घुसकर चोरी करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अग्नि और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अग्नि का वोटर आईडी कार्ड बैंक के अंदर गिर गया था जिसकी मदद से पुलिस उस तक पहुंच गई। अग्नि नेपाल का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गैस कटर की मदद से बैंक के अंदर घुस गए लेकिन चोरी नहीं कर सके। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
पिता की डांट बर्दाश्त नहीं कर सका किशोर, खुदकुशी की
चेन्नई. विल्लीवाक्कम में पिता की फटकार से क्षुब्ध १६ वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विल्लीवाक्कम की वेल्ला स्ट्रीट निवासी गोकुल का पुत्र अरविंदन स्थानीय इलाके में निजी स्कूल में अध्ययनरत था। वह ग्यारहवीं का छात्र था। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि पढ़ाई को लेकर उसके पिता ने फटकार लगाई थी और आगे से पढ़ाई में ध्यान लगाने को कहा। अरविंदन अपने पिता की फटकार को बर्दाश्त नहीं कर पाया और रात को अपने कमरे में उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।