चेन्नई

तमिलनाडु सीएम विजय पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में DMK विधायक अनीता राधाकृष्णन गिरफ्तार

DMK के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और तिरुचेंदूर से विधायक अनिता आर. राधाकृष्णन को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। उन्हें मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Jul 03, 2026
Vijay Thalapathy
थलापति विजय, मुख्यमंत्री, तमिलनाडु (फोटो - आईएएनएस)

Anitha Radhakrishnan Arrest: तमिलनाडु के तिरुचेंदूर से DMK विधायक और पूर्व मंत्री अनीता राधाकृष्णन को मद्रास हाई कोर्ट द्वारा उनकी ज़मानत याचिका खारिज किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने एक सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी। यह मामला 20 जून को अथूर में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जो पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि की जयंती मनाने के लिए आयोजित की गई थी।

सीएम विजय के खिलाफ की थी विवादित टिप्पणी

पुलिस ने बताया कि डीएमके विधायक ने कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी की, इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के तुरंत बाद पुलिस ने राधाकृष्णन को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत में बताया गया है कि राधाकृष्णन ने सीएम विजय की शक्ल-सूरत और फिल्म उद्योग से राजनीति में उनके प्रवेश का मजाक उड़ाया था।

विधानसभा में भी राधाकृष्णन ने उड़ाया था मजाक

कानून-व्यवस्था पर विधानसभा में हुई चर्चा के दौरान डीएमके विधायक एस. ऑस्टिन और मुख्यमंत्री के बीच हाल ही में हुए टकराव का जिक्र करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि भाई ऑस्टिन ने मुख्यमंत्री की ओर उंगली उठाकर पूछा, 'क्या आप अपना मुंह खोलकर बोलेंगे नहीं?' वे असहाय लग रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे वे सोच रहे हों, 'मैं यहां कैसे फंस गया? मैं घर पर एक अभिनेत्री के साथ कितना खुश था। अब मैं यहां फंस गया हूं।'

अपनी आलोचना जारी रखते हुए डीएमके विधायक ने सदन में मुख्यमंत्री विजय के व्यवहार की तुलना एक दुकान में प्रवेश करने वाले ग्राहक के व्यवहार से की। उन्होंने कहा कि मैं एक व्यापारी हूं और मुझे पता है कि जब कोई दुकान में आता है तो वह कुछ खरीदना चाहता है या पैसे उधार लेना चाहता है। इसी तरह मैं समझ सकता हूं कि विधानसभा में वह कैसा फंसा हुआ महसूस कर रहा था।

डीएमके दमनकारी चालों के आगे नहीं झुकेगी: कनिमोझी

राधाकृष्णन की गिरफ्तारी प्रतिक्रिया देती हुई डीएमके सांसद कनिमोझी ने राज्य सरकार पर विपक्ष के खिलाफ दमनकारी हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया और इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। कनिमोझी ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि राधाकृष्णन को उनके निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण करते समय गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि डीएमके ऐसी दमनकारी चालों के आगे कभी नहीं झुकेगी।

Updated on:
03 Jul 2026 05:34 pm
Published on:
03 Jul 2026 12:54 pm