
चेन्नई. डीएमके अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि परिसीमन विधेयक को लेकर उनकी पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है तथा किसी भी प्रकार के समझौते की कोई संभावना नहीं है। संसद के आगामी सत्र में परिसीमन विधेयक पर चर्चा की संभावना के बीच स्टालिन का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा निष्पक्ष परिसीमन की मांग सबसे पहले डीएमके ने उठाई थी। उन्होंने बताया इसी मुद्दे पर चेन्नई में देशभर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रस्तावित संविधान संशोधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और चिंताओं पर चर्चा की गई थी।
उन्होंने कहा डीएमके अपनी मांगों पर पूरी तरह अडिग है और किसी भी परिस्थिति में तमिलनाडु की वर्तमान 7.18 प्रतिशत लोकसभा सीट हिस्सेदारी में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। स्टालिन ने मांग दोहराई कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में सीटों के अनुपात को, जो पहले से स्थगित है, अगले 25 वर्षों तक भी स्थगित रखा जाना चाहिए। डीएमके अध्यक्ष ने कहा मीडिया में आ रही अटकलें और राजनीतिक विरोधियों की आलोचनाएं पार्टी के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने जोर देकर कहा डीएमके राज्य के हितों और अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करेगी।
प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को संसद से पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। लोकसभा में इसके लिए कुल सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत पड़ेगी। वर्तमान राजनीतिक गणित को देखते हुए विपक्षी दलों का समर्थन इस विधेयक के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि स्टालिन के ताजा बयान से स्पष्ट संकेत मिला है कि डीएमके परिसीमन के मुद्दे पर अपने घोषित रुख से पीछे हटने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता राज्य के अधिकारों और राज्य की जनता के हितों की रक्षा करना है तथा इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।