28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / पहले किया विरोध, अब बताया तमिलनाडु की बड़ी जीत, परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के साथ क्यों आई DMK?

पहले किया विरोध, अब बताया तमिलनाडु की बड़ी जीत, परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के साथ क्यों आई DMK?

DMK ने केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन प्रस्ताव को समर्थन देने का फैसला किया है। एमके स्टालिन ने इसे तमिलनाडु की बड़ी जीत बताया। पार्टी का कहना है कि सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ने से लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहेगी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चेन्नई

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 28 Nov 2026, 12:22 PM IST

DMK Supports Delimitation Bill

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन

DMK Supports Delimitation Bill: परिसीमन के मुद्दे पर लंबे समय से केंद्र सरकार को घेर रही द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने शनिवार को घोषणा की कि वह मोदी सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक का औपचारिक रूप से समर्थन करेगी। यह निर्णय चेन्नई में DMK सांसदों की एक बैठक के दौरान लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन ने की। स्टालिन ने इस संशोधित प्रस्ताव को तमिलनाडु के लिए एक बड़ी जीत बताया, क्योंकि इसमें सभी राज्यों में सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है।

संशोधित प्रस्ताव में क्या?

केंद्र सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। DMK ने परिसीमन के पहले प्रस्ताव का विरोध किया था। पार्टी को आशंका थी कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करने से लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी कम हो सकती है, जबकि उत्तर भारतीय राज्यों को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है।

संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों में सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। इससे तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रहेगी। DMK ने कहा कि इस व्यवस्था से अगले 25 वर्षों तक राज्य का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा और महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता साफ होगा।

7.18% हिस्सेदारी में बदलाव नहीं होना चाहिए - ए राजा

DMK के उप महासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी ने इस सिद्धांत के आधार पर अपना समर्थन देने का फैसला किया है कि लोकसभा सीटों में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखा जाना चाहिए। ए. राजा ने बताया कि DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने पार्टी के सांसदों को जरूरत पड़ने पर और संशोधन प्रस्तावित करने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष परिसीमन की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए और इस मुद्दे पर पार्टी का रुख वही है जो कांग्रेस के साथ गठबंधन के समय था।

किसी भी राज्य को अनुचित लाभ या नुकसान नहीं होगा- दयानिधि मारन

DMK सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि पार्टी लंबे समय से निष्पक्ष परिसीमन की मांग कर रही थी। उनके मुताबिक, सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने से किसी राज्य को असमान रूप से फायदा या नुकसान नहीं होगा। स्टालिन के साथ बैठक के बाद मारन ने कहा कि अगर पूरे देश में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जाती है, तो मौजूदा स्थिति बढ़ोतरी के बाद भी बनी रहेगी। किसी राज्य को फायदा या नुकसान नहीं होगा।

मारन ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु जैसे राज्यों में सीटों की संख्या समान अनुपात में बढ़ेगी। इससे दक्षिणी राज्यों का हिस्सा कम नहीं होगा और न ही उत्तरी राज्यों को जरूरत से ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग मान ली गई है और प्रस्तावित व्यवस्था से अगले 25 वर्षों तक तमिलनाडु के हित सुरक्षित रहेंगे।

DMK ने अपना रुख क्यों बदला?

DMK संसदीय दल की बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि पार्टी का रुख हमेशा से निष्पक्ष परिसीमन के पक्ष में रहा है, न कि परिसीमन प्रक्रिया के पूर्ण विरोध में। 14 फरवरी 2024 को तमिलनाडु विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर मांग की थी कि यदि संसदीय सीटों की संख्या बढ़ाना जरूरी हो जाए, तो 1971 की जनगणना के आधार पर तय राज्यों के मौजूदा अनुपात को बरकरार रखा जाए।

प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि 2002 के संवैधानिक संशोधन के तहत परिसीमन पर लगाई गई 25 साल की रोक खत्म होने वाली थी। अगर यह रोक हट जाती, तो 2011 की जनगणना के आधार पर साधारण बहुमत से परिसीमन लागू किया जा सकता था, जिससे तमिलनाडु के लिए संसदीय सीटों की संख्या में भारी कमी आ सकती थी। अब केंद्र सरकार द्वारा 7.18% हिस्सेदारी की मांग मान लेने से, यह खतरा टल गया है।