
सोनिया गांधी ने बताया लोगों ने कैसे उठाया फायदा, फोटो सोर्स- ANI
Belonging A Journey of Love: सत्ता से नजदीकी कौन नहीं चाहता? राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री बने, तो उनके करीब आने की होड़ लग गई। इस होड़ में वे नाम भी शामिल रहे, जिन्हें राजीव अपना दोस्त मानते थे। इसके बाद शुरू हुआ, नजदीकी से फायदा उठाने का खेल। सोनिया गांधी ने अपनी बायोग्राफी ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में इस बारे में बताया है। उन्होंने लिखा है कि कई बार हमें पता चलता कि किसी दोस्त ने हमारे नाम का इस्तेमाल करके कोई लाभ उठाया- चाहे वह छोटा हो या बड़ा और हमें इसकी भनक तक नहीं लगती। इन दोस्तों ने ऐसे प्रभावशाली लोगों से संपर्क किया, जिन्हें लगा कि प्रधानमंत्री के करीबी व्यक्ति से संबंध बनाना उनके काम आ सकता है, जिसके चलते राजीव को कभी-कभी गंभीर परिणाम भी उठाने पड़े।
‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया ने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद बदलते हालात और राजीव की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता को भी बयां किया है। उन्होंने लिखा है- मेरी सास की हत्या के कुछ ही समय बाद, जब हम चुनाव प्रचार के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे और मैं राजीव की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित थी, तब एक भरोसेमंद दोस्त ने कहा- अगर राजीव पर गोली चलती है, तो उसे पहले मेरे सीने से गुजरना होगा। इन शब्दों से तसल्ली मिली। उस समय जो कुछ भी हो रहा था, वह हम दोनों के लिए बहुत भारी था। मुझे लगता है कि हमारे दोस्तों के लिए भी स्थिति ऐसी ही रही होगी।
हालांकि, मुझे कुछ लोगों के साथ रहने में असहजता महसूस होने लगी, मैं उनके नाम नहीं लेना चाहती, जिनका व्यवहार मुझे कुछ ज्यादा ही नियंत्रण करने वाला लगने लगा। शायद यह उनकी सुरक्षा की भावना रही हो, लेकिन उनमें से कुछ लोग हमारे प्रति जरूरत से ज्यादा अधिकार जताने लगे थे, खासकर सामाजिक कार्यक्रमों में। ऐसे समय में, जब हमारी दुनिया में बहुत बड़ा बदलाव आ रहा था, मुझे उन लोगों से धोखा मिला जो अपने स्वार्थ पूरे करने के लिए राजीव का इस्तेमाल करना चाहते थे। जैसे-जैसे समय बीतता गया, सामाजिक मेल-जोल अब पहले जैसा हल्का-फुल्का और मजेदार नहीं रहा। बिना बताए कहीं जाना अब मुमकिन नहीं था। अगर हम किसी दोस्त से मिलने अचानक पहुंच जाते, तो आस-पड़ोस में उत्सुकता बढ़ जाती और लोग उनके घर के बाहर इकट्ठा हो जाते। बातचीत के दौरान कुछ लोग राजनीतिक मुद्दे छेड़ देते, अक्सर यह जानने के लिए कि राजीव के मन में क्या चल रहा है, हालांकि राजीव आमतौर पर बहुत सतर्क रहते थे। मैंने अक्सर देखा कि कोई परिचित राजीव के पास आता और उनके कान में कुछ फुसफुसाता, या फोटो खिंचवाने के मौके पर किसी तरह उनके ठीक बगल में खड़ा हो जाता, ताकि वह साफ तौर पर दिखाई दे।
सोनिया गांधी ने सत्ता के रिश्तों पर पड़ते असर के बारे में भी लिखा है कि सत्ता हमारे चारों ओर जो दरारें पैदा कर रही थी, राजीव और मैं इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। शायद मैंने अपने डर को कम करके आंका था, और उस अकेलेपन को भी नहीं समझा जो हम दोनों, अपने बच्चों के साथ, एक ऐसी स्थिति में महसूस कर रहे थे जहां हम हर समय सबकी नज़रों के घेरे में थे। मैंने अक्सर खुद से पूछा है कि क्या हमारी उस स्थिति ने हमारे आस-पास हो रही घटनाओं को समझने के हमारे नजरिए को किसी तरह धुंधला कर दिया था?
जीवन में बहुत बाद में जाकर मैं उस दौर के बदलते समीकरणों को कुछ हद तक समझ पाई। सत्ता लोगों के बीच बहुत प्रभावी ढंग से दीवारें खड़ी कर देती है। जो चीजें उन दीवारों के भीतर सुरक्षा देती हुई प्रतीत होती हैं, वे अक्सर असुरक्षा को और बढ़ा देती हैं। अब मैं समझती हूं कि सत्ता में होने से एक तरह का अकेलापन आ जाता है; भरोसा कितना दुर्लभ, कितना कीमती और कितना नाज़ुक हो जाता है और यह कितना निराशाजनक होता है जब वे दोस्त, जो कभी आपकी जिंदगी का हिस्सा थे, आपसे दूर हो जाते हैं।
इस घटनाक्रम से कुछ साल पहले राजीव ने स्कूल में पढ़ रहे अपने बेटे को पत्र लिखा था- ‘जैसे-जैसे तुम बड़े होगे, पता चलेगा कि जिन लोगों को तुम अपना दोस्त समझते थे, वे असल में तुम्हारे दोस्त नहीं हैं, तुम देखोगे कि अच्छे दोस्त बनाना आसान नहीं होता। लेकिन अगर तुम वाकई किस्मत वाले हो, तो एक या दो ऐसे सच्चे और भरोसेमंद दोस्त मिल जाएंगे, जो बुरे वक्त में भी तुम्हारे साथ खड़े रहेंगे।‘ ये शब्द भविष्य बताने वाले साबित हुए, क्योंकि समय के साथ-साथ हमारी कई ऐसी दोस्ती टूट गईं, जिन्हें हम बहुत पक्का मानते थे। मुझे याद है कि जब राजनीतिक माहौल बदला, तो कुछ दोस्तों ने हमें फोन करना बंद कर दिया और हमसे कतराने लगे। उन्हें डर था कि कहीं इसका बुरा असर उनके करियर पर न पड़े, या फिर अचानक उनके व्यवहार में रूखापन आ गया।
यह कोई नई बात नहीं थी, मेरी सास के सत्ता से बाहर होने पर भी हमने ऐसा ही देखा था, लेकिन फिर भी इससे बहुत दुख हुआ। तब मुझे राजीव की कही यह बात समझ आई, ‘ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के लिए सत्ता को संभालना, खुद को नियंत्रित रखना और अपने रिश्तों को बनाए रखना बहुत मुश्किल होता है। सत्ता इंसान को अकेला कर देती है और उसे एक बनावटी दुनिया में ले जाती है। भले ही आप अंदर से कितने ही मजबूत क्यों न हों, आप भी चापलूसी और तरह-तरह की चालबाजियों का शिकार हो सकते हैं’।
सोनिया गांधी ने आगे लिखा है, मेरा मानना है कि यह समस्या किसी को नहीं छोड़ती, फिर चाहे आप राजनीति में हों या बिजनेस में या फिर किसी उच्च पद पर। हमारे जो करीबी लोग राजनीति में आए, वे अपनी हदें भूल गए और जब उनके साथ रिश्ते टूटे, तो वे दुश्मन बन गए और पलटवार करने लगे। राजीव को अपनी ही समझ पर शक होने लगा, उन्हे लगा कि क्या उन्होंने कुछ ज्यादा ही भरोसा कर लिया? क्या उन्हें और ज्यादा सतर्क रहना चाहिए था? क्या तारीफों ने उनका दिमाग खराब कर दिया था? क्या इसी वजह से उन्होंने ऐसे काम किए, जिनका बुरा असर राजीव की सरकार और खुद उन पर पड़ा? जहां तक मेरी बात है, तो उन्होंने राजीव को जो नुकसान पहुंचाया था, उसे भुलाकर उन्हें माफ करने में मुझे बहुत लंबा समय लग गया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 11:05 AM IST
Published on:
28 Nov 2026, 10:58 AM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




