27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Tamil Nadu / Chennai / “भक्ति का स्वर्णिम अध्याय: श्रीवारी के चरणों में 206 करोड़ की ऐतिहासिक भेंट”

“भक्ति का स्वर्णिम अध्याय: श्रीवारी के चरणों में 206 करोड़ की ऐतिहासिक भेंट”

तिरुमला.। तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में गुरुवार को भक्ति और दान का एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और राधिका जैन दम्पती ने भगवान श्रीवारी को 121 किलोग्राम…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चेन्नई

•

image

Newsdesk

•

Updated: 27 Nov 2026, 6:26 PM IST

Chennai News

तिरुमला.। तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में गुरुवार को भक्ति और दान का एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और राधिका जैन दम्पती ने भगवान श्रीवारी को 121 किलोग्राम सोने और हीरे जड़ित आभूषण भेंट किए। लगभग 206 करोड़ रुपए मूल्य के इस दान को मंदिर के इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत भेंटों में से एक माना जा रहा है।

विशेष ट्रंक पेटियों में लाए गए इन आभूषणों को मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनकी पत्नी भुवनेश्वरी की उपस्थिति में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों को सौंपा गया। टीटीडी के अधिकारियों और पुजारियों ने विधिवत रूप से इस भेंट को स्वीकार किया।

इस अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद में मुख्यमंत्री नायडू ने जैन दम्पती की उदारता की सराहना करते हुए कहा कि धन, पद और संपत्ति स्थायी नहीं हैं, जबकि आध्यात्मिकता, धर्म और सेवा ही व्यक्ति को वास्तविक संतोष प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में अनेक धनवान लोग हैं, लेकिन अपनी संपत्ति को जनकल्याण और धार्मिक कार्यों में समर्पित करने का सौभाग्य कुछ ही लोगों को मिलता है।

प्रतिदिन 120 किलोग्राम आभूषणों से शृंगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान श्रीवारी को प्रतिदिन लगभग 120 किलोग्राम आभूषणों से सजाया जाता है। ऐसे में 121 किलोग्राम वजन के स्वर्ण आभूषणों का दान श्रद्धा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विजयनगर सम्राट श्रीकृष्णदेवराय से लेकर आज के जैन दम्पती तक भगवान वेंकटेश्वर के प्रति भक्ति और दान की परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है।

47 प्रकार के विशेष आभूषण

वर्धमान जैन दम्पती द्वारा तिरुमला श्रीवारी को समर्पित 121 किलोग्राम स्वर्णाभूषणों में कुल 47 प्रकार के आभूषण शामिल हैं। इनमें भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के लिए 106 किलोग्राम सोने के आभूषण तथा श्री पद्मावती अम्मावारु के लिए 15 किलोग्राम मूल्यवान वस्त्र और आभूषण भेंट किए गए।

प्रमुख आभूषणों में पाद कवच, पायल, तुलसी पत्र हार, अष्टोत्तर कासुला माला (108 सिक्कों का हार), चतुर्भुज लक्ष्मी हार, बाघ के नाखून आकार का आभूषण, अश्वत्थ पत्र हार, कमरबंद, घंटियों वाली कमरधनी, सूर्य कटारी, कौस्तुभ मणि, श्रीवत्स आभूषण, बाजूबंद, नागाभरण कमरबंद, गोपू आभूषण तथा पांच लड़ियों वाले कंठहार शामिल हैं।

इसके अलावा चंद्रवंकी कंठी, वैकुंठ हस्त आभूषण, नागाभरण कंगन, कर्णपत्र, भावली आभूषण, शालिग्राम अलंकरण, यज्ञोपवीत, शंख एवं चक्र कवच, कीटिपु मुखपट्टी तथा स्वर्ण किरीट (मुकुट) भी भेंट किए गए।

इन बहुमूल्य आभूषणों में 2,427 कैरेट नीलम, पुखराज, माणिक एवं पन्ना जैसे रत्नों से जड़ा श्रीवत्स पदक विशेष आकर्षण का केंद्र है। साथ ही 238.2 कैरेट हीरों से जड़े विशेष आभूषण भी समर्पित किए गए हैं।