
चेन्नई.
पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के कारण तमिलनाडु राज्य में पिछले सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। चेन्नई में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पुष्टि की है कि अभी कुछ दिनों तक बारिश होती रहेगी। बारिश के कारण सर्दियों की बीमारियां जैसे सर्दी, खांसी और बुखार तेजी से फैल रही हैं। इससे न केवल सरकारी अस्पतालों में बल्कि निजी अस्पतालों में भी वायरल संक्रमण से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़ रही है। संक्रामक रोगों की वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विजयलक्ष्मी के मुताबिक, आमतौर पर मानसून के मौसम में वायरल बुखार का प्रकोप रहता है। उन्होंने कहा कि बरसात और सर्दियों के मौसम में इन्फ्लूएंजा वायरस अधिक प्रचलित होगा। पिछले 3 महीने पहले तक 5 तरह के वायरस फैल रहे थे जैसे इन्फ्लूएंजा वायरस, आरएसवी वायरस और मेटान्यूमोवायरस। अब कई तरह के वायरस तेजी से फैल रहे हैं, जो युवा इस वायरस की चपेट में आएंगे उन्हें सर्दी-खांसी ही होगी।
अस्थमा की समस्या वाले व्यक्ति, बुजुर्ग व्यक्ति और सह-रुग्ण परिस्थितियों वाले लोग इन्फ्लूएंजा वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित होंगे। इन्फ्लूएंजा वायरस से ठीक होने के बाद भी युवाओं को लगभग एक महीने तक खांसी रहेगी। पूरी तरह से ठीक होने में 2 से 6 हफ्ते लगेंगे और इस दौरान टीका लगवाना महत्वपूर्ण होगा। डॉक्टरों ने लोगों को बाहर निकलने पर सावधानी बरतने को कहा है। डॉक्टरों ने लोगों को अच्छा पौष्टिक आहार खाने, पानी गर्म करके गर्म पीने, रोग प्रतिरोधक क्षमता से भरपूर खाद्य पदार्थ ही खाने, पानी पीने, खांसी होने पर खुद दवा न लेने आदि की सलाह दी है।