
चेन्नई।तमिलनाडु की मुख्य सचिव गिरिजा वैद्यनाथन जो हाल ही गिर गई थी और अस्पताल में भर्ती हैं, के स्वस्थ होकर लौटने तक वित्त सचिव के. षणमुगम अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। हालांकि गिरने के बाद राजीव गांधी सरकारी जनरल अस्पताल में इलाज के बाद वे वापस घर चली गई हैं लेकिन उनका दर्द पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ था।
इसे ध्यान में रखते हुए उनको अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उनके पैर में एक छोटा-सा फ्रैक्चर पाया और सर्जरी का सुझाव दिया।
इसके बाद से कुछ दिन तक उनको आराम करने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही पूर्ण रूप से स्वस्थ्य होने तक षणमुगम को अतिरिक्त कार्यभार संभालने को कहा गया है। इसी बीच रविवार को मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी ने अपोलो अस्पताल पहुंचकर गिरिजा से मुलाकात की और जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।
गौरतलब है कि हाल ही गिरीजा सचिवालय के बाहर जब अपनी कार में बैठ रही थी उसी दौरान अचानक फिसल कर गिर गई जिसमें उनके पैरों में चोटें आ गई थी।
पिता का इलाज कराने में असमर्थ बेटे ने मां-बहन की हत्या कर की आत्महत्या
अपने पिता के इलाज का पैसा इकठ्ठा करने में असमर्थ एक युवक ने अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूत्रों के अनुसार विल्लुपुरम के दिंडीवनम निवासी राजाराम (५२) कडलूर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में टाइपिस्ट के रूप में काम करता है। वह अपनी पत्नी सुमति (४५), बेटा रंजीत कुमार (२५) और बेटी विद्याप्रिया (२१) के साथ रहता था।
पिछले कुछ सालों से शराब पीने की वजह से राजाराम का गुर्दा और लीवर खराब हो गया था। कुछ महीने पहले दोनों गुर्दा फेल होने के बाद राजाराम को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने परिजनों को इलाज में करीब ६० लाख तक खर्च होने की जानकारी दी। हालांकि सूचना के बाद राजाराम के परिजनों ने पैसा इकठ्ठा करने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे लोग थोड़ा सा पैसा भी इकठ्ठा करने में असमर्थ रहे। इसके बाद राजाराम की पत्नी, बेटा और बेटी इस बात से काफी परेशान हो गए। इसी बीच शुक्रवार को राजाराम के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने बाहर से आवाज लगाई। लगातार आवाज के बाद भी जब अंदर से किसी प्रकार की आवाज नहीं आई तो पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र देखा कि सुमति व उसकी बेटी विद्याप्रिया खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी और रंजीतकुमार कमरे में पखे से लटक रहा था। जिसके बाद पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पास के एक सरकारी अस्पताल भेजा। जिला पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने घटनास्थल का दौरा कर आस-पास के लोगों से पूछताछ की।
इसी बीच घर से पुलिस को रंजीतकुमार द्वारा लिखा एक सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था, उन लोगों को ही पता है कि पैसा नहीं होने की वजह से उसके पिता राजाराम की मौत होगी। लेकिन यह देखने के लिए उन लोगों के पास हिम्मत नहीं है। उनके इस कदम के पीछे किसी और का दोष नहीं है।