चेन्नई

तमिलनाडु के हित सुरक्षित रहे तो परिसीमन बिल का समर्थन करेगी पीएमके: अंबुमणि

चेन्नई. पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने कहा है यदि केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक से राज्य के हितों को कोई नुकसान नहीं पहुंचता, तो उनकी पार्टी इसका पूर्ण समर्थन करेगी।
1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:34 PM IST
तमिलनाडु के हित सुरक्षित रहे तो परिसीमन बिल का समर्थन करेगी पीएमके

शुक्रवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह विधेयक 31 दिसंबर तक संसद से पारित हो जाना चाहिए, अन्यथा दक्षिणी राज्यों, विशेषकर तमिलनाडु, पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

अंबुमणि ने दावा किया कि यदि विधेयक इस वर्ष पारित होता है तो इसके लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी, जबकि अगले वर्ष इसे साधारण बहुमत से पारित किया जा सकता है। उन्होंने कहा समय रहते विधेयक पारित होने पर निर्वाचित प्रतिनिधियों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा, जबकि देरी की स्थिति में जनसंख्या आधारित परिसीमन से तमिलनाडु को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा प्रस्तावित व्यवस्था के तहत तमिलनाडु विधानसभा की सीटें 234 से बढ़कर 351 हो सकती हैं। इनमें से 117 अतिरिक्त सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने की संभावना है। इसी प्रकार लोकसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व 39 से बढ़कर 59 सीटों तक पहुंच सकता है, जिनमें 20 अतिरिक्त सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। अंबुमणि ने कहा इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने बताया वर्तमान में तमिलनाडु में 23 महिला विधायक और पांच महिला सांसद हैं।

इस दौरान अंबुमणि ने कल्लकुरिची विधायक अरुल विघ्नेश पर महिला कलक्टर को कथित रूप से आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए विधायक को पार्टी से निलंबित करने की अपील की। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री को अपने दल के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी समान सख्ती और प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए।

पीएमके नेता ने ऋषिवंदियम विधायक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा उनके खिलाफ कई विवादों से जुड़े आरोप हैं और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी राजनीतिक दलों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:34 PM IST
Published on: