
चेन्नई।पार्टी को मजबूत करने और जनता का समर्थन पाने के उद्देश्य से मक्कल नीदि मय्यम के संस्थापक अभिनेता कमल हासन मई में राज्य के महत्वपूर्ण शहरों और कस्बों का दौरा करेंगे। एमएनएम के अनुसार आगामी ८ मई को कमल हासन तिरुपुर, ९ को नीलगिरि और १० को कोयम्बत्तूर के दौरे पर होंगे जबकि १६ को कन्याकुमारी, १७ को तूतीकोरिन और १८ को तिरुनेलवेली व विरुदुनगर का दौरा करेंगे। इन इलाकों में अपने दौरे के दौरान कमल हासन लोगों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को जानने की कोशिश करेंगे।
उसके बाद विशेषज्ञों की एक टीम उनकी परेशानियों पर विश्लेषण कर समाधान निकालने के बारे में काम करेगी। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह कमल हासन ने अपने पार्टी मुख्यालय में ग्राम सभा बैठक कर पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की थी, साथ ही उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में हिस्सा लेगी।
अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन ने अपनी राजनीतिक पार्टी मक्कल नीदि मय्यम लांच करने के बाद अब व्हीसल ब्लोअर मोबाइल ऐप लांच किया है। कमल हासन इस ऐप का प्रोमो वीडियो लांच करते हुए तमिलनाडु की जनता से अपील कर रहे हैं कि आपके आसपास जहां कहीं भी भ्रष्टाचार की घटना दिखे उसे एक्सपोज करें। रिश्वत लेते हुए भ्रष्ट कर्मचारियों को पकड़ें और उनकी रिपोर्ट करें।
तेलंगाना सीएम की कनिमोझी से मुलाकात
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सोमवार को डीएमके नेता और राज्यसभा सांसद कनिमोझी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके साथ 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे को लेकर चर्चा की। गौरतलब है कि रविवार को तेलंगाना सीएम ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. करुणानिधि और कार्यकारी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से उनके गोपालपुरम आवास पर मुलाकात की थी। केसी राव 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले गैर भाजपा-गैर कांग्रेस फ्रंंट बनाए जाने की अपनी मुहिम को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर चुके हैं।