
चेन्नई. भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता निदेशालय (डीवीएसी) ने 1020 करोड़ रुपए के कथित टेंडर हेराफेरी मामले में गुरुवार को कवि प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी के अनुसार कवि प्रसाद पूर्व नगर प्रशासन एवं जल आपूर्ति मंत्री केएन नेहरू के करीबी माने जाते हैं और वे सरकारी ठेकों में कथित अनियमितताओं तथा अवैध धन संग्रहण के प्रमुख बिचौलिये की भूमिका निभा रहे थे।
डीवीएसी ने इस मामले में 4 सितंबर को केएन नेहरू समेत 12 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। एफआइआर के अनुसार वर्ष 2021 से 2025 के बीच नगर प्रशासन, शहरी विकास और जल आपूर्ति विभाग के कई टेंडरों में गंभीर अनियमितताएं हुई। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही पसंदीदा ठेकेदारों का चयन कर लिया जाता था और अनुबंध मूल्य का 7.5 से 10 प्रतिशत तक कमीशन वसूला जाता था। जांच में इस राशि को कथित तौर पर "पार्टी फंड" के रूप में दर्ज किए जाने का उल्लेख है।
जांच एजेंसी ने यह मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उपलब्ध कराए गए 258 पृष्ठों के दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर तैयार किया है। इनमें व्हाट्सऐप चैट, फोटोग्राफ और मोबाइल फोन से बरामद कैलकुलेशन शीट शामिल हैं। डीवीएसी का दावा है कि कवि प्रसाद को विभागीय अधिकारियों से टेंडरों संबंधी गोपनीय जानकारी पहले से ही मिल जाती थी, जिसके आधार पर ठेकेदारों की पहचान टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही तय कर ली जाती थी।
एफआइआर में चेन्नई, तिरुपुर और कोयम्बत्तूर जिलों की कई परियोजनाओं का उल्लेख किया गया है। जांच के अनुसार चेन्नई में तीन स्टॉर्मवाटर ड्रेन परियोजनाओं के लिए 5.25 करोड़ रुपए की राशि पहले ही निर्धारित कर दी गई थी, जबकि 55.15 लाख रुपए को कथित तौर पर "पार्टी फंड" के रूप में दर्ज किया गया। उडुमलपेट, पोल्लाची सहित अन्य नगरपालिकाओं में भी इसी प्रकार की अनियमितताओं और अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं।
मामले में केएन नेहरू, उनके भाई केएन मणिवानन, एन. रविचंद्रन, कवि प्रसाद, टीवीएच समूह के प्रतिनिधियों, पूर्व अधिकारियों, दो पूर्व विधायकों तथा कई ठेकेदारों को आरोपी बनाया गया है। डीवीएसी ने भारतीय दंड संहिता, भारतीय न्याय संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है।