चेन्नई

धान खरीद सहकारिता विभाग को सौंपने के फैसले का किसानों ने किया विरोध

उनका कहना है धान खरीद जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में बदलाव से पहले किसानों की राय लेना आवश्यक था।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:21 PM IST
धान खरीद सहकारिता विभाग को सौंपने के फैसले का किसानों ने किया विरोध

तिरुचि. राज्य सरकार द्वारा धान खरीद कार्य को तमिलनाडु सिविल सप्लाईज़ कॉरपोरेशन (टीएनसीएससी) से हटाकर सहकारिता विभाग को सौंपने की योजना का किसानों ने कड़ा विरोध किया है। किसान संगठनों ने इस निर्णय को एकतरफा बताते हुए कहा सरकार ने उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया। किसान संगठनों का आरोप है कि सरकार ऋण माफी के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार इस कदम का उद्देश्य टीएनसीएससी पर पड़ रहे वित्तीय बोझ को कम करना है। वर्तमान में धान खरीद के लिए हर वर्ष लगभग 10,000 से 11,000 करोड़ रुपए के ऋण लिए जाते हैं, जिन्हें अब सहकारी क्षेत्र के माध्यम से संभालने की योजना है। तमिलनाडु कावेरी किसान संरक्षण संघ के सचिव एस. स्वामीनाथन ने सवाल उठाया जब सहकारिता क्षेत्र पहले से ही राजनीतिक हस्तक्षेप, वित्तीय कुप्रबंधन और निजी प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब उस पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ कैसे डाला जा सकता है।

उन्होंने कहा टीएनसीएससी में पहले से रिश्वत और कमीशन की शिकायतें हैं। सहकारिता विभाग में कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण ऐसी समस्याएं और बढ़ सकती हैं। इसलिए विभाग बदलने के बजाय सरकार को टीएनसीएससी और खरीद प्रणाली की मौजूदा खामियों को दूर करना चाहिए। वहीं तमिल मनिला कांग्रेस के किसान प्रकोष्ठ के राज्य कोषाध्यक्ष एन. राजेंद्रन ने आशंका जताई कि प्रत्यक्ष खरीद केंद्रों (डीपीसी) में कार्यरत स्थानीय मजदूरों की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं।

किसानों का यह भी कहना है कि अधिकांश किसान प्राथमिक कृषि सहकारी ऋण समितियों से फसल ऋण लेते हैं। ऐसे में सहकारिता विभाग के माध्यम से धान बिक्री होने पर बकाया ऋण राशि सीधे बिक्री आय से काटी जा सकती है, जिससे किसानों को पूरा भुगतान नहीं मिल पाएगा। इससे किसानों के बीच चिंता और बढ़ गई है।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:21 PM IST
Published on: