
चेन्नई. तमिलनाडु पुलिस द्वारा चलाए गए दो सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान राज्यभर में 2510 लापता लोगों का पता लगाया गया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से मद्रास उच्च न्यायालय में दाखिल स्थिति रिपोर्ट में दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, 30 अक्टूबर से 13 नवम्बर तक चलाए गए अभियान में 624 पुरुष, 1469 महिलाएं, 128 लड़के और 289 लड़कियों को खोज निकाला गया।
मामला उस बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका से जुड़ा है, जिसे टी. भुवनेश्वरी ने अपने लापता पति शंकरराज की तलाश को लेकर दायर किया था। याचिका में उन्होंने शंकरराज को अदालत में प्रस्तुत करने तथा तिरुकोइलूर पुलिस और कल्लकुरिची जिला पुलिस द्वारा की जा रही जांच को अपराध शाखा-आपराधिक जांच विभाग (सीबी-सीआइडी) को सौंपने की मांग की थी।
इससे पूर्व न्यायाधीश एडी जगदीश चंडीरा और बी. कार्तिकेयन की खंडपीठ ने डीजीपी को राज्य में लापता व्यक्तियों से संबंधित जिलेवार समेकित आंकड़े प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। अदालत ने अब तक खोजे गए और अभी भी लापता लोगों की संख्या, लंबित मामलों की अवधि तथा खोजबीन के लिए उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्यौरा मांगा था।मामले की सुनवाई के दौरान अतिरिक्त लोक अभियोजक एम. मोहम्मद रियाज ने डीजीपी की ओर से स्थिति रिपोर्ट दाखिल की। रिपोर्ट में बताया गया कि 16 नवम्बर को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), चेन्नई को सभी पुलिस आयुक्त कार्यालयों और जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो से संबंधित आंकड़े एकत्र कर समेकित रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस ने अदालत को बताया कि लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विशेष अभियान भी उसी दिशा में उठाया गया कदम था। अभियान में सबसे अधिक संख्या महिलाओं और लड़कियों की रही, जिससे महिला सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित हुआ है।