चेन्नई

पुलिस के हत्थे चढ़े मोबाइल छीनने वाले तीन झपट्टामार

तेनाम्पेट व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय बाइक सवार तथा झपट्टामार मोबाइल छीनने वाले युवकों की तलाश में जुटी महानगर पुलिस ने इसमें सफलता पाई है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jun 2019, 1:14 PM IST
news,Chennai,Tamilnadu,Special,Breaking,
पुलिस के हत्थे चढ़े मोबाइल छीनने वाले तीन झपट्टामार

चेन्नई. तेनाम्पेट व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय बाइक सवार तथा झपट्टामार मोबाइल छीनने वाले युवकों की तलाश में जुटी महानगर पुलिस ने इसमें सफलता पाई है। पुलिस ने शिकायत पर कदम उठाते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जो अरसे से महानगर में मोबाइल झपटने की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। उनसे एक बाइक भी बरामद हुई है जो चोरी की बताई गई। इसी बाइक से तीनों युवक लूटपाट को अंजाम देते थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए गए युवकों पर लगभग ८ से अधिक मोबाइल छीनने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में तेनाम्पेट निवासी पलनी (२५), रॉयपेट्टा निवासी किशन (२०) और मणिकंडन है।
पुलिस ने बताया कि मईलापुर निवासी सरवणन (३५) पिछले सोमवार को काम से घर लौट रहा था। वह जब आलवारपेट में टीटीके रोड पहुंचा तभी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की लेकिन सरवणन ने मोबाइल हाथ से छोड़ा ही नहीं। वह उनसे लड़ता रहा लेकिन मोबाइल छीनने नहीं दिया। इसी बीच सरवणन ने मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर लोग उसकी तरफ बढ़े। पकड़े जाने के डर से दोनों युवक बाइक और मोबाइल छोडक़र भाग गए। उसके बाद सरवणन ने तेनाम्पेट पुलिस में शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने जब्त बाइक की पड़ताल की तो पता चला कि बाइक भी चोरी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पलनी और किशन को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी मणिकंडन को भी धर-दबोचा।
पुलिस ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने एक के बाद एक मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम दे लोगों में भय पैदा कर दिया है। बेकाबू होती इन घटनाओं को लेकर नागरिकों में भारी आक्रोश है। वहीं लगातार सामने आ रही घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है जिसे लेकर पुलिस बीते कुछ दिनों से गिरोह व उसके सदस्यों की तलाश में थी।

Published on: