21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तमिलनाडु के पूझल जेल से 24 घंटे में दो कैदी गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

तमिलनाडु की पूझल केंद्रीय जेल से 24 घंटे में दो कैदी गायब हो गए। नेपाल निवासी विचाराधीन कैदी और पॉक्सो मामले में सजा काट रहे कैदी की तलाश में पुलिस जुटी है।
2 min read
Google source verification

चेन्नई

•

image

Mukul Kumar

•

image

PS Vijay Raghavan

•

Oct 21, 2026

Jail News

जेल को लेकर इस्तेमाल की गई प्रतीकात्मक तस्वीर। (फोटो- AI)

तमिलनाडु के पूझल केंद्रीय जेल से 24 घंटे के भीतर एक विचाराधीन और एक सजायाफ्ता कैदी के फरार होने की घटनाओं ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक ओर नेपाल का नागरिक विचाराधीन कैदी सुदीप पोखात लापता हो गया, वहीं इसके कुछ घंटों बाद ही पॉक्सो मामले में सजा काट रहा कैदी सुरेश जेल के बाहर काम के दौरान फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर विशेष टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।

जेल में 3500 से अधिक कैदी बंद

जानकारी के अनुसार, पूझल केंद्रीय जेल में 3500 से अधिक कैदी बंद हैं। मंगलवार शाम रोजाना की तरह कैदियों की गिनती के दौरान अधिकारियों को पता चला कि नेपाल निवासी 23 वर्षीय विचाराधीन कैदी सुदीप पोखात गायब है।

सुदीप चेन्नई के पाडी क्षेत्र में रहकर काम करता था और उसे 17 अगस्त 2026 को जे.जे. नगर पुलिस ने चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

अब तक कोई सुराग नहीं मिला

कैदी के लापता होने का पता चलते ही जेल प्रशासन ने पूरी रात जेल परिसर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पूझल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर विशेष टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया।

इस मामले की जांच जारी ही थी कि बुधवार को एक और फरारी ने जेल प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं। तिरुमंगलम निवासी 35 वर्षीय सुरेश, जिसे 2021 में पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में अदालत ने सजा सुनाई थी, पूझल केंद्रीय जेल-1 में बंद था। अच्छे आचरण के आधार पर उसे जेल परिसर से जुड़े कैंटीन और स्टोर में काम करने की अनुमति दी गई थी।

जेलकर्मियों की नजर से बचकर भागा

बुधवार सुबह करीब 7 बजे सुरेश को काम के लिए जेल अड्डे पर ले जाया गया था। आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे वह जेलकर्मियों की नजर से बचकर वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और पूझल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

लगातार दो दिनों में दो कैदियों के फरार होने की घटनाओं से जेल महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस दोनों फरार कैदियों की तलाश में जुटी है, जबकि जेल विभाग भी वार्डनों और कर्मचारियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि सुरक्षा में चूक कहां हुई। पूझल जैसी हाई-सिक्योरिटी जेल से दो कैदियों के फरार होने की घटनाएं पुलिस और जेल प्रशासन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं।