
जदयू विधायक अनंत सिंह (फोटो- IANS X वीडियो ग्रैब )
बिहार में ग्रेजुएट और शिक्षक वाले विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर जमकर खींचतान चल रही है। इस बीच मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह बुधवार को पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल में पार्टी के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह से मिलने पहुंच गए। इस मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि 'दादा' का आशीर्वाद लेने आए थे।
अनंत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए यह भी कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह का उनसे हमेशा बहुत लगाव रहा है, वह उन्हें बहुत मानते थे। मोकामा विधायक ने मुलाकात के बाद यह भी बताया कि वशिष्ठ नारायण सिंह ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
अब सियासी गलियारे में इस मुलाकात की चर्चा जोरों पर है। बता दें कि दो दिनों बाद एमएलसी चुनाव होने वाले हैं, जिसको लेकर अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच राजनीतिक टकराव चरम पर है। ऐसे में यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
अनंत सिंह ने यह भी कहा- हमने मोबाइल फोन पर देखा कि दादा की तबीयत खराब है, इसलिए मैं उनसे मिलने आ गया। उन्होंने आगे कहा- दादा ने मुझे आशीर्वाद दिया और अब मैं जा रहा हूं। जब उनकी तबीयत खराब है, तो वह क्या बात करेंगे? इसके अलावा अनंत सिंह ने वशिष्ठ नारायण सिंह की सेहत को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद की जड़ पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की एमएलसी सीट है। जेडीयू ने इस सीट से नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अनंत सिंह उनके समर्थन में नहीं हैं। उन्होंने खुलकर नीरज कुमार को चुनाव में हराने की बात कही है और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ अनुज सिंह का समर्थन किया है।
दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक अदावत भी रही है। इस बार एलएलसी चुनाव के दौरान यह विवाद फिर खुलकर सामने आया। अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर कई आरोप लगाए, जबकि नीरज कुमार ने भी उनके बयानों पर जवाब दिया।
अनंत सिंह का तर्क है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने खुलकर उनका विरोध किया, तब पार्टी ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए इस बार वह भी किसी भी कीमत पर नीरज का सपोर्ट नहीं करेंगे।
Updated on:
21 Oct 2026 06:07 pm
Published on:
21 Oct 2026 06:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
