छतरपुर

कुटने जलावर्धन योजना तैयार, 2 नगर परिषद के 12 हज़ार घरों को फरवरी के अंत से मिलेगा पानी

इधर, लवकुशनगर, गौरिहार ब्लॉक के 52 हजार परिवारों को लिए जल प्रदाय योजना पर काम शुरु
2 min read
Feb 06, 2024
कुटनी जलार्वधन परियोजना का इंटेकवेल
कुटनी जलार्वधन परियोजना का इंटेकवेल

छतरपुर. जिले के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जलसकंट को दूर करने की परियोजनाओं पर लगातार काम हो रहा है। खजुराहो और राजनगर नगर परिषद के लोगों को जल संकट से स्थाई निजात दिलाने वाली 69 करोड़ लागत की कुटने जलावर्धन योजना कंपलीट हो गई है। फरवरी माह में ही दोनों नगरपरिषद के 12 हजार घरों में नल से पानी सप्लाई शुरु हो जाएगी। वहीं, लवकुशनगर और गौरिहार ब्लॉक के 52 हजार परिवारों को नल से जल पहुंचाने के प्रोजेक्ट का काम भी शुरु हो गया है।


मीटर रीडिंग के अनुसार पानी का बिल आएगा
इस योजना के तहत खजुराहो और राजनगर में 12 हजार घरों में कनेक्शन कर दिए गए हैं। आगे कनेक्शन देने की प्रक्रिया जारी है। इन कनेक्शन में मीटर लगना भी शुरू हो गए हैं। मीटर रीडिंग के अनुसार ही बिल लगेगा। इन कनेक्शन धारियों को पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस योजना से खजुराहो और राजनगर सहित खर्रोही, ललगुआं, जटकरा और अचनार को पानी मिलेगा। लाइन डलने के बाद से खजुराहो और राजनगर के 75 प्रतिशत हिस्से में पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है। शेष 25 प्रतिशत हिस्से की पाइप लाइन में दिक्कत आ रही है, जिसमें रियान वाटर टेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा सुधार किया जा रहा है।

जल निगम ने शुरु किया 560.25 करोड़ रुपए की परियोजना पर काम
मप्र जल निगम मर्यादित जिले के लवकुशनगर और गौरिहार विकासखंड में ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना, राजनगर क्षेत्र के मझगवां डेम पर तैयार कर रही है। इस योजना की कुल लागत 560.25 करोड़ निर्धारित की गई है। इसका कार्य पूरा होने के बाद लवकुशनगर और गौरिहार क्षेत्र में 278 गांव के 52 हजार 956 परिवारों को पानी उपलब्ध होगा। इस योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया जल निगम द्वारा पूरी कर ली है।

दो फिल्टर प्लांट बनेंगे
इस योजना के तहत कुल 1900 किमी की पाइप लाइन डाली जाएगी। जिसमें मझगुवां डेम से 102 टंकियों तक 750 किमी की लाइन होगी, शेष 1150 किमी की लाइन गौरिहार और लवकुशनगर विकासखंड के गांवों में बिछाई जाएगी। मझगवां बांध पर एक 52.36 एमएलडी क्षमता का इंटकवेल बनेगा। मझगुवां डेम पर एक फिल्टर प्लांट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही 41.1 एमएलडी क्षमता के फिल्टर प्लांट का निर्माण पंचम नगर के पास होगा।


इनका कहना है
इस योजना को 25 सितंबर 2025 तक पूरा करने के लिए विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्यों का ठेका गुजरात की एलएलसीसी कंपनी को दिया गया है।
एलएल तिवारी, महाप्रबंधक, जल निगम

इनका कहना है
इस प्रोजेक्ट से दोनों नगर परिषद के लोगों को फरवरी माह के अंत तक सभी को पानी मिलने लगेगा। कुटने डेम में इंटकवेल का निर्माण होने के साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो गया है। साथ ही दोनों नगर परिषद क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर जीएलएसआर सहित 6 ओवर हेड टैंक बनाए गए हैं।
पीडी तिवारी, एसडीओ

Published on:
06 Feb 2024 11:03 am