
कार्रवाई में जुटी छापामार टीम (फोटो सोर्स: Patrika)
Chhatarpur News :मध्य प्रदेश में चल रही खाद की किल्लत के बीच सूबे के छतरपुर में खाद की बड़ी कालाबाजारी का खुलासा हुआ है। दरअसल, शहर के नारायणपुरा रोड पर स्थित अमर गार्डन में शुक्रवार को पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गार्डन के कमरों से डीएपी खाद जब्त की है। बताया जा रहा है कि, यहां दो कमरों के अंदर और जमीन पर खाद की बोरियां रखी मिलीं। मामले में ओमप्रकाश रैकवार और अनुराग शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की गई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे को इ संबंध में सूचना मिली थी कि, वाहन क्रमांक यूपी 95 एटी 6686 में करीब 80 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद लेकर छतरपुर से बड़ा मलहरा की ओर ले जाई जा रही है। पुलिस ने वाहन रोककर खाद से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर छतरपुर के ही रहने वाले चालक ओमप्रकाश रैकवार से पूछताछ की गई। इस पर खाद के जखीरे की जानकारी मिली।
पूछताछ में नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में खाद रखे होने की जानकारी मिली। इसके बाद कृषि विभाग के उपसंचालक अनिल कुमार मिश्रा को सूचना दी गई। पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और खाद जब्त की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमर गार्डन में किराए पर कमरे लेकर खाद का भंडारण किया गया था। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस खाद के स्रोत, परिवहन और बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी है। खाद की गुणवत्ता और उसके कथित नकली होने की पुष्टि जांच के बाद होगी।
Updated on:
23 Oct 2026, 3:56 PM IST
Published on:
23 Oct 2026, 3:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.