
गैस सिलेंडर , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
Chhatarpur news: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में पिछले सात महीनों से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर के नए कनेक्शन देना बंद कर दिया है। ईकेवाईसी न होने से 89 हजार कनेक्शन अक्टूबर में ब्लॉक किए गए है। जिससे समस्या और बढ़ गई है। केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय के नए निर्देशों के बाद गैस एजेंसियों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन स्वीकार करना बंद कर दिया है। इसके कारण शहर के करीब एक हजार से अधिक जरूरतमंद उपभोक्ता परेशान होकर गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। वहीं इसको लेकर आए दिन उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है, और कई नागरिकों ने जिला प्रशासन से शिकायत कर नया कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है।
जिले की 38 गैस एजेंसियों में कुल 4,35,454 रसोई गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें से 89,942 उपभोक्ताओं ने अंतिम तिथि (1 अक्टूबर) तक ई-केवाईसी नहीं कराई, जिससे उनके कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए। अब इन उपभोक्ताओं को भी बाजार दर पर महंगे 5 या 10 किलो वाले सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं।
गौरिहार एजेंसी- 6,384 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक।
बिजावर एजेंसी- 5,769 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक।
मां गायत्री एजेंसी- 4,923 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी, जमाखोरी और दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी कनेक्शन देने पर रोक लगाई है। योजना के अनुसार जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां पाइपलाइन नेचुरल गैस (पीएनजी) सप्लाई को बढ़ावा देकर एलपीजी सिलेंडर जरूरतमंदों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि छतरपुर उप-संभाग के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अभी तक पीएनजी की सुविधा शुरू ही नहीं हो पाई है। ऐसे में जिन परिवारों के पास एलपीजी कनेक्शन नहीं है, उनके सामने दोहरी समस्या खड़ी हो गई है-उन्हें न तो नया एलपीजी सिलेंडर मिल रहा है और न ही पीएनजी का विकल्प मौजूद है।
नया कनेक्शन न मिलने से जनता को परेशानियों का सामना करना पड रहा है। छतरपुर निवासी शिव शंकर यादव का कहना है कि छह महीने पहले परिवार का बंटवारा होने पर नए गैस कनेक्शन की जरूरत पड़ी। कई बार एजेंसियों के चक्कर काटे, लेकिन आवेदन ही नहीं लिया। ऐसे में चूल्हा जलाने के लिए ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। रमाकांत कुशवाहा का कहना है शादी के बाद गांव से शहर में रहने आए हैं। नए कनेक्शन के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
केंद्र सरकार के आदेशानुसार 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के नए कनेक्शन देना बंद कर दिए गए हैं। हैं। नए कनेक्शन चाहने वाले उपभोक्ता फिलहाल 5 और 10 किलो वाले बाजार दर के सिलेंडर ले सकते हैं। यह व्यवस्था नए उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी का एक अस्थायी समाधान है। बलराम गुप्ता, सेल्स ऑफिसर, छतरपुर
Updated on:
22 Oct 2026 11:44 am
Published on:
22 Oct 2026 11:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
