
Chhatarpur News :मध्य प्रदेश के छतरपुर जिल में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नवरात्रि के अवसर पर रथ यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं। ये यात्रा 11 अक्टूबर से शुरू होकर 19 अक्टूबर 2026 तक यानी 9 दिन चलेगी। यात्रा को लेकर बागेश्वर धाम की आधिकारिक वेबसाइट पर कार्यक्रम जारी कर दिया है। यात्रा के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धालुओं से जुड़ने की भी तैयारी की गई है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बागेश्वर धाम में आयोजित ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन कार्यक्रम के दौरान रथ यात्रा के संबंध में जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि, ये यात्रा करीब 500 किलोमीटर लंबी होगी, जो एमपी के पांच जिलों को कवर करेगी। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक जागरूकता और हिंदू राष्ट्र के संकल्प से जुड़ा बताया जा रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित रथ यात्रा सूबे के पन्ना, छतरपुर, सागर, दमोह और टीकमगढ़ जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के मार्ग में अजयगढ़, पन्ना, अमानगंज, पवई, सागर, दमोह, हटा और टीकमगढ़ जैसे प्रमुख स्थान शामिल बताए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यात्रा से जुड़ने की संभावना है।
रथ यात्रा के दौरान जिन स्थानों पर रात्रि पड़ाव किए जाएंगे, वहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, हवन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में स्थानीय श्रद्धालुओं की भागीदारी भी रहेगी। यात्रा के जरिए धार्मिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना बताई गई है।
रविवार रात बागेश्वर धाम में ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन और पितृ शांति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश के श्रद्धालु सोशल मीडिया के जरिए जुड़े। धाम परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा की चौपाइयों के साथ यज्ञ में आहुतियां दीं गईं। रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, यात्रा के विस्तृत मार्ग, समय और सभी पड़ावों की आधिकारिक जानकारी कार्यक्रम के अनुसार सामने आएगी।