विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं आश्रमों में सुबह से लगी रही शिष्यों की भीड़
छतरपुर। धार्मिक ग्रंथ गुरु को भगवान से बड़ा बताते हैं। गुरु की महिमा ईश्वर से बड़ी है और यह पौराणिक कथाओं से ही नहीं बल्कि वर्तमान परिवेश के माध्यम से सिद्ध हो चुका है। गुरु पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले शिष्य आज भी मौजूद है। गुरु पूर्णिमा शिष्यों के लिए विशेष पर्व होता है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिष्यों ने अपने अपने गुरु स्थान पर जाकर गुरुदेव भगवान को प्रणाम करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। सच्चे रास्ते पर चलने का संदेश देने वाला ही सच्चा गुरु होता है। कहा जाता है कि गुरु सिर्फ ज्ञान ही नहीं बल्कि ईश्वर से जोडऩे का माध्यम भी है। जिले के सिद्ध क्षेत्र बागेश्वर धाम, जटाशंकर धाम, खजुराहो, पड़रिया धाम सहित आसपास के विभिन्न गुरु स्थानों में जाकर शिष्यों ने अपने गुरुओं की चरण पादुकाओं का पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं ने सागर पहुंचकर लिया गुरुदेव का आशीर्वाद
बुंदेलखंड में जन्मे प्रख्यात संत श्री गोरीलाल कुंज वृंदावन धाम के महन्त किशोर दास महाराज के बुंदेलखंड ही नहीं देश में लाखों शिष्य हैं। इस बार गुरु पूर्णिमा महोत्सव सागर में आयोजित किया गया। छतरपुर जिले के हजारों शिष्यों ने सागर पहुंचकर गुरुदेव का आशीर्वाद लिया।
चेतगिरी कॉलोनी में आयोजित हुआ गुरु पूर्णिमा महोत्सव
बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। जिले भर में विभिन्न आयोजन किए गए। जिला मुख्यालय पर स्थित चेतगिरी कॉलोनी में श्रीधाम वृंदावन से पधारे आचार्य भगवती प्रसाद कौशिक महाराज के शिष्यों ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया। सुबह 8 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम दोपहर 12 बजे तक चला जिसमें महाराज श्री के शिष्य मंडल द्वारा उनकी पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया। वही आचार्य श्री ने भक्तों को आशीर्वचन देकर उनका मार्ग प्रशस्त किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में आचार्य भगवती प्रसाद कौशिक के शिष्यगण मौजूद रहे।
भीमकुण्ड में धूमधाम से मनाई गई गुरुपूर्णिमा
बड़ामलहरा क्षेत्र के ग्राम बाजना के भीमकुण्ड में धूमधाम से गुरुपूर्णिमा मनाई गई। सुबह गाजे-बाजे और घोड़ा-बग्गी के साथ भीमकुण्ड से बाजना तक कलश यात्रा निकली जिसमें भीमकुण्ड के महंत शंकराचार्य महाराज शामिल हुए। बग्गी पर सतगुरु महाराज का चित्र रखा गया था और महिलाएं सिर पर कलश रखकर चल रही थीं। आयोजन में क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर पंचमुखी पुखरिया सरकार में भी महोत्सव का आयोजन हुआ। यहां श्री रामानुजाचार्य रामबाबू महाराज ने आयोजन किया था। बड़ी संख्या में शिष्यगण सुबह 6 बजे से ही आने लगे थे। सभी ने गुरूपूजन कर आशीर्वाद लिया। शिष्य मंडल के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
गुरु पूर्णिमा पर विद्यालय में पहुंचे डीआईजी विवेकराज सिंह
बुधवार को गुरुपूर्णिमा के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर देरी रोड द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि डीआईजी विवेकराज सिंह शामिल हुए। यहां विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गुरु भक्ति के पोस्टर बनाए और गुरुओं से आशीर्वाद लिया। वहीं विद्यालय के प्राचार्य सीके शर्मा ने सभी को श्रेष्ठ नागरिक बनने की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि डीआईजी विवेकराज सिंह ने कहा कि हम जीवन भर बच्चे बने रहने की चाहत रखें क्योकि इससे हमारे अंदर की जिज्ञासु प्रवृत्ति निरंतर जन्म लेती रहेगी और हमें जीवन भर आगे बढऩे के लिए प्रेरणा मिलेगी। वहीं विद्यालय के प्राचार्य सीके शर्मा ने सभी को गुरू पूर्णिमा की बधाई देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य का निर्धारण अवश्य करें क्योंकि बिना लक्ष्य के हम जीवन में कुछ भी अच्छा हासिल नहीं कर सकते। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा डीआईजी का सम्मान भी किया गया।
डॉ प्रभु जी गौतम शिष्य मंडल ने किए कई आयोजन
श्रीधाम मैहर से पधारे डॉक्टर प्रभु गौतम के शिष्य मंडल द्वारा शहर के सुप्रसिद्ध गांव की देवी मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व का भव्य आयोजन किया गया पुजारी संतोष मिश्रा ने उनकी आरती उतारी। शिष्य लखनलाल असाटी ने बताया कि डॉक्टर प्रभु को असाटी मोहल्ला स्थित धनुषधारी मंदिर से भव्य शोभायात्रा के जरिए गांव की देवी मंदिर लाया गया। इस शोभायात्रा में घोड़े नृत्य कर रहे थे यहां सामूहिक रूप से गुरु पूजन किया गया। अखिलेश असाटी फौलादी कलम मार्ग, प्रमोद असाटी सनसिटी, अशोक असाटी रामाजी नगर उमाशंकर असाटी प्रदीप चौधरी हटवारा मोहल्ला रामकृपाल अग्रवाल राकेश अवस्थी, अनिल गुप्ता के घरों में भी भव्य स्वागत किया गया। उसके बाद वह बड़ा मलहरा पहुंचे जहां प्राचार्य हरिराम तिवारी द्वारा सरस्वती हाई सेकेंडरी स्कूल में आयोजित गुरु पूर्णिमा पर में सम्मिलित हुए उसके पहले धन प्रसाद असाटी, बालकृष्ण असाटी, हरिशंकर असाटी, धनेश अग्रवाल के निवास पर भी उनका भव्य स्वागत हुआ।