
नगरपालिका परिषद की बैठक
शहर के सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद में बैठक हुई। इस बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए 564 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया है। जिसमें से 561 कोरड़ विकास कार्यो पर खर्च होंगे। खास बात यह है कि इस बजट को पेश करने के साथ ही 3 करोड़ रुपए की बचत का अनुमान भी लगाया गया है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया और विधायक ललिता यादव की मौजूदगी में शहर के सभी 40 वार्डों के लिए विकास का खाका तैयार किया गया। बजट के मुख्य प्रावधानों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 1 से लेकर 40 तक, प्रत्येक वार्ड में आरसीसी नाली निर्माण, पेवर्स ब्लॉक और खेल मैदानों (स्पोर्ट्स एरेना) के लिए 25-25 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इससे शहर की जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
बजट में केवल गलियों ही नहीं, बल्कि शहर के मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे।
जल आपूर्ति: शहर में पानी की किल्लत दूर करने के लिए 2 करोड़ रुपए की लागत से 4 नई पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा।
रोशनी से जगमगाएगा शहर: प्रमुख चौराहों और वार्डों में हाईमास्क लाइटें और स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए लगभग 1.5 करोड़ रुपए का प्रावधान है।
सौंदर्यीकरण: चौबे तिगड्डा से बस स्टैंड तक नए डिवाइडर और मुख्य मार्गों पर डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे, जिससे शहर का लुक आधुनिक होगा।
संसाधनों में वृद्धि: सफाई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए 1.60 करोड़ रुपए की लागत से 2 नई जेसीबी और डम्पर खरीदे जाएंगे।
नगर पालिका ने अपनी आय को मजबूत करने के लिए 20 से 25 करोड़ रुपए के नीलामी और आवंटन प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है। इसके तहत विभिन्न मार्केट कॉम्प्लेक्स की छतों, दुकानों और गोदामों का आवंटन किया जाएगा, जिससे भविष्य में विकास कार्यों के लिए फंड की कमी न हो।
बैठक में केवल विकास की बातें ही नहीं हुईं, बल्कि उन आवंटियों पर भी गाज गिरी है जिन्होंने लंबे समय से दुकानों और छतों का बकाया प्रीमियम जमा नहीं किया है। सटई रोड और महोबा रोड के कॉम्प्लेक्स में ऐसे कई आवंटन निरस्त करने का प्रस्ताव पास हुआ है। साथ ही, कचरा प्रबंधन और मुक्तीधाम के सौंदर्यीकरण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी करोड़ों की राशि आवंटित की गई है।
नगर पालिका के सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा, सांसद प्रतिनिधि उपेन्द्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष एवं परिषद के सभी पार्षदगण उपस्थित रहे।
आज का दिन छतरपुर के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। 561 करोड़ का यह बजट केवल कागजी आंकड़ा नहीं है, बल्कि शहर की सुंदरता और जनता की सुविधा का संकल्प है। हम सुनिश्चित करेंगे कि हर कार्य गुणवत्ता के साथ और समय सीमा में पूरा हो।
ज्योति चौरसिया, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद छतरपुर
Published on:
07 Apr 2026 10:43 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
