छतरपुर

फिल्म, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन फेस्टिवल से होगा समृद्ध: मंगुभाई पटेल

समारोह का आयोजन खजुराहो के दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के मंच पर हुआ, जहां फिल्म जगत से जुड़ी तमाम हस्तियों और समाजसेवियों की मौजूदगी रही।

less than 1 minute read
Dec 06, 2024
खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल

छतरपुर. विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में 10वें अंतरराष्ट्रीय खजुराहो फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने फिल्म महोत्सव के आयोजकों और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन को भी समृद्ध करेगा।यह सात दिवसीय फिल्म महोत्सव 11 दिसंबर तक चलेगा। समारोह का आयोजन खजुराहो के दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के मंच पर हुआ, जहां फिल्म जगत से जुड़ी तमाम हस्तियों और समाजसेवियों की मौजूदगी रही।

समारोह में कार्यक्रम के संयोजक और फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने फिल्म फेस्टिवल के आयोजन की जानकारी साझा की। इस दौरान खजुराहो सांसद वीडी शर्मा और विधायक अरविंद पटेरिया ने भी अपने उद्बोधन में फिल्म महोत्सव के महत्व को रेखांकित किया।

इनको मिला सम्मान


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई जानी-मानी शख्सियतों को सम्मानित किया गया। लंदन की सामाजिक कार्यकर्ता अंजली पॉल, स्वीडन की क्रिस्टीना नेने और भारत के विश्वास कुमार भटेले समेत पुरातत्व विभाग के एसए शिवाकांत वाजपेयी को मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता मुकेश खन्ना और दीपक पाराशर को भी सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ी व बुंदेलखंडी नृत्य की प्रस्तुति हुई


इसके साथ ही गायिका संजीवनी भेलंदे और गायक चिंतन बाकीवाला ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। कार्यक्रम में मुम्बई के कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ का पंथी डांस और बुंदेलखंड का बधाई नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर एक क्राफ्ट बाजार भी लगाया गया, जिसमें हस्तशिल्प और अन्य कलात्मक वस्तुओं की प्रदर्शनी की गई।

ये रहे मौजूद


कार्यक्रम में छतरपुर के कलेक्टर पार्थ जैसवाल, एसपी अगम जैन, एसडीएम राजनगर बलवीर रमन और सीएमओ बसंत चतुर्वेदी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
06 Dec 2024 10:56 am
Also Read
View All

अगली खबर