
Chhatarpur Missing Brothers Death Case: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, यहां दो मासूम बच्चों के शव कुएं में मिले हैं। दोनों बच्चे शुक्रवार को घर से स्कूल गए थे और फिर लापता हो गए थे। पुलिस बच्चों की तलाश कर रही थी और रविवार को दोनों बच्चों के शव कुएं में बरामद हुए। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है जिसमें बच्चे एक व्यक्ति के साथ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये व्यक्ति बच्चों की मां का प्रेमी बताया जा रहा है और पुलिस को शक है कि इसी व्यक्ति ने बच्चों की हत्या की है। फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
लवकुशनगर के रहने वाले निरपत यादव के दो बेटे 11 वर्षीय सचिन यादव व 9 वर्षीय प्रेम यादव नगर के ही क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल में पढ़ते थे। दोनों शुक्रवार को अपनी-अपनी साइकिल लेकर स्कूल गए थे, लेकिन जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और अलग-अलग टीमें बनाकर बच्चों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की तो दोनों बच्चों की साइकिलें और बैग स्कूल से कुछ दूरी पर एक स्थान पर लावारिस हालत में मिले। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो एक सीसीटीवी में दोनों बच्चे एक व्यक्ति के साथ जाते नजर आए। उक्त व्यक्ति की पहचान बालकेश सिंह के तौर पर हुई। पुलिस को ये भी पता चला कि आरोपी बालकेश सिंह बच्चों की मां का प्रेमी है और वो उसे अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा था। सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर जब पुलिस रविवार को पहाड़तरे के पुरवा के पास पहुंची तो वहां कुएं में दोनों बच्चों के शव मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी बालकेश सिंह फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है। वहीं इस घटना के बाद लवकुशनगर में गहरा रोष फैला हुआ है और तनाव का माहौल है। तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि पिछले दो दिनों से पांच थानों की अलग-अलग टीमें तलाश में लगी थीं। आज सर्चिंग के दौरान कुएं में दोनों बच्चों के शव मिले हैं। आरोपी बालकेश सिंह पूर्व से इनका पारिवारिक मित्र था और घर पर आना-जाना था इसलिए बच्चे उसके साथ चले गए। इसके पश्चात किन परिस्थितियों में बच्चों की मृत्यु हुई यह अभी जांच का विषय है। आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।