छतरपुर

Video आज की राजनीति साजिश और चापलूसी की है, मुझे दोनों ही नहीं आती Uma Bharti

सन्यास दीक्षा के 25 साल और प्रवचन देने के 50 साल पूरे होने पर छतरपुर में केंद्रीय मंत्री उमा भारती के लिए हुआ कार्यक्रम - श्री राम जन्मभूमि न्यास अय

3 min read
Jan 28, 2018

नीरज सोनी छतरपुर। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि आज की राजनीति साजिश और चापलूसी की हो गई है। उन्हें न तो साजिश आती है और न ही वे चापलूसी कर पाती हैं, इसलिए वे कई बार इसमें सामांजस्य नहीं बैठा पाईं हैं। उन्होंने कहा कि वे जब मप्र की मुख्यमंत्री बनी थी तो अनुभव की द्रष्टि से कमजोर थीं, इसलिए वे राजनीतिक साजिश का शिकार हो गईं। इसके बाद क्या हुआ सभी जानते हैं। लेकिन भाजपा के लोग यह जान लें कि मैं अपने राजनीतिक जीवन के २००५ से लेकर २०१० तक के घटनाक्रम को पूरी तरह से भुला चुकी हूं। अब मेरे मन में राम हैं, तिरंगा है और गंगा है।

मोटे के महावीर मंदिर में अयोजित आशीर्वचन

उमा भारती रविवार को शहर के मोटे के महावीर मंदिर में अयोजित आशीर्वचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। २५ साल पहले छतरपुर से ही 8 साल की उम्र में प्रवचन देने की शुरुआत करने और सन्यासी जीवन के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां पर उनके समर्थकों ने धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। समारोह में श्रीरामजन्म भूमि न्यास अयोध्या के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज विशेष रूप से मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री उनका ही आशीर्वाद लेने और उनका सम्मान करने के लिए इस कार्यक्रम में पहुंची थीं। उमाभारती के साथ पहुंचे उनके भाई पूर्व विधायक स्वामी प्रसाद लोधी का भी उन्होंने अपने भाषण के दौरान जिक्र किया।

मैं राजनीति में मोगली की तरह थी
कार्यक्रम में अपने जीवन की आध्यात्मिक, राजनैतिक और धार्मिक यात्रा का विस्तार से वर्णन करते हुए उमा भारती ने यहां कई राजनैतिक मुद्दों को भी छुआ। उन्होंने कार्टून सीरियल के पात्र मोगली का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह जंगल से निकलकर पहली बार मोगली इंसानों के बीच आया तो वह कुछ समझ नहीं पाया था। ठीक इसी तरह मैं जब मप्र की मुख्यमंत्री बनी तो मेरी स्थिति भी मोगली की ही तरह थी। क्योंकि मैं धर्म-अध्यात्म के बीच जीने वाली थी। मुझे राजनीति की साजिशें और चापलूसी नहीं आती थी। मैं अपने मोगलीपन में आ जाती थी, जिसके कारण उनका राजनीतिक जीवन प्रभावित हुआ।

राजमाता सिंधिया के बाद गडकरी ने दिया संबल :

उमा भारती ने कहा कि वे इस क्षेत्र से चार बार सांसद रहीं। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन की आधारशिला रखकर इस क्षेत्र को मैंने ही रेलवे की सौगात दी। अब केन-बेतवा नदी जोड़ो प्रोजेक्ट पर काम पूरा हो चुका है। जल्द ही इस क्षेत्र से सूखे का संकट दूर होगा। उन्होंने गंगा सफाई अभियान से लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
उमा भारती ने कहा कि उन्हें राजनीति में केवल राजमाता विजयाराजे सिंधिया ही लेकर आईं थीं, लेकिन उनके निधन के बाद मेरे जीवन में शून्यता आ गई थी। राजमाता ने संबल दिया था वही भूमिका 2010 से लेकर अब तक मेरे लिए नितिन गडकरी ने निभाई। मुझे साजिश और चापलूसी करने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने ही मेरी भाजपा में वापसी कराई। मोदी जी की भी इसमें सहमति रही। उन्होंने मुझे गंगा सफाई विभाग का मंत्री मेरी रुचि के अनुसार ही बनाया। उमा भारती ने कहा कि अभी उनका विभाग भी उनकी ही सहमति से बदला है। वे मंत्री पद भी छोड़कर गंगा जागरण अभियान के लिए स्वतंत्र रूप से काम करना चाहती थी, लेकिन मोदी जी ने उन्हें रोक लिया।

महंत नृत्यगोपाल दास बोले -

मोदी और योगी के रहते ही अयोध्या में बनेगा श्रीराम मंदिर : उमा भारती को आशीर्वाद देने के लिए आशीर्वचन समारोह में पहुंचे श्रीरामजन्म भूमि न्यास अयोध्या के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज ने कहा कि आज देश में केंद्र सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और उप्र में योगी की सरकार है। इसलिए अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण है। मोदी और योगी के रहते ही अब राममंदिर बनेगा। जो थोड़ी बहुत अड़चनें हैं वे भी दूर हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि देश पर यह कलंक की बात थी कि श्रीरामलला आज भी पंडाल में हैं और हम लोग कोठियों में रहते हैं। लेकिन अब यह कलंक देश से सिर से धुलने का वक्ता आ गया है।

Updated on:
28 Jan 2018 07:43 pm
Published on:
28 Jan 2018 04:43 pm
Also Read
View All