छतरपुर

शादी के लिए दहेज में मांगे 5 लाख रूपये, बेबस पिता को देख बेटी ने चुनी मौत

MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में दहेज ने एक 16 साल की लड़की की जान ले ली।

2 min read
Mar 01, 2026
एआई जनरेटेड फोटो

MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजपुरा में दहेज रूपी दानव ने एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की जान ले ली। मृतक ज्योति पाल के पिता ने लड़के पक्ष पर 5 लाख रुपए दहेज मांगने और बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है। आक्रोशित पिता अपनी बेटी का शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।

क्या है पूरा मामला

मुन्ना पाल के अनुसार उनकी बेटी ज्योति की बातचीत पड़ोसी अजुद्दी पाल के भांजे चंदू पाल (निवासी सटई) से होती थी। जब परिजनों को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने सामाजिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों की बैठक बुलाई और शादी का प्रस्ताव रखा।

दहेज में मांगे 5 लाख रूपये

आरोप है कि लड़के पक्ष ने शादी के बदले 5 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि की मांग रख दी। मुन्ना पाल ने बताया कि लड़के वालों का कहना था कि उनके बेटे के लिए 5-5 लाख रुपए के रिश्ते आ रहे हैं, यदि वे इतनी रकम देंगे तभी शादी होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होते ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बेबस पिता की मजबूरी और बेटी का दर्द

मुन्ना पाल ने बताया कि हाल ही में उनकी रीढ़ की हड्डी का बड़ा ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण वे आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में हैं। उन्होंने लड़के पक्ष से मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से शादी करने की मिन्नतें कीं, लेकिन आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे। पिता ने जब यह सारी बात अपनी बेटी ज्योति को बताई, तो वह बुरी तरह टूट गई। बीती रात परिवार ने साथ खाना खाया और सो गए, लेकिन सुबह जब परिजन बाहर गए थे, तभी आहत ज्योति ने जहरीला पदार्थ गटक लिया। उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

न्याय के लिए एसपी ऑफिस में प्रदर्शन

बेटी की मौत से टूट चुके पिता मुन्ना पाल न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जब तक दहेज लोभी चंदू पाल और उसके सहयोगियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, वे अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। घटना के बाद गांव में तनाव व शोक का माहौल है।

Published on:
01 Mar 2026 08:48 am
Also Read
View All
केन-बेतवा लिंक परियोजना: विस्थापित ग्राम डुगरिया में ग्रामीणों ने दिखाई सहमति, मुआवजे के बाद स्वेच्छा से हटाए गए 14 मकान

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के निर्देश: छतरपुर मेडिकल कॉलेज में डीन और प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द होगी पूरी,जिला अस्पताल होगा अटैच

छतरपुर में किसान राहत राशि का महाघोटाला, विधानसभा में गूंजी अपात्रों को भुगतान की गूंज, राजस्व मंत्री ने स्वीकारी गड़बड़ी पर तहसीलदारों ने नहीं दी जांच रिपोर्ट, इसलिए अटकी कार्रवाई

बुंदेलखंड के युवाओं के लिए बड़ी सौगात: महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में खुलेगा लघु, एमएसएमई का इनक्यूबेशन सेंटर, स्टार्टअप्स को मिलेगा 80 लाख का बूस्ट

MP में नई रेलवे लाइन का काम शुरू, 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर