छतरपुर

रबी उपार्जन में तेजी, 3 लाख क्विंटल से अधिक की खरीदी, परिवहन की कछुआ चाल बनी चुनौती, 1 लाख क्विंटल गेहूं केंद्रों पर जाम

जिले में अब तक कुल 7,976 किसानों ने अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेची है। केवल 1 मई 2026 को ही जिले भर में 33,442 क्विंटल की बंपर खरीदी दर्ज की गई

2 min read
May 03, 2026
रबी उपार्जन

मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड, जिला कार्यालय छतरपुर द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जारी ताजा आंकड़ों ने जिले में सरकारी खरीद की स्थिति स्पष्ट कर दी है। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में अब तक 3,04,656.95 क्विंटल की कुल खरीदी की जा चुकी है, लेकिन परिवहन की धीमी रफ्तार प्रशासन के लिए सिरदर्द बनी हुई है।

खरीदी के आंकड़े:7,976 किसानों से हुई उपज की प्राप्ति

जिले में अब तक कुल 7,976 किसानों ने अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेची है। केवल 1 मई 2026 को ही जिले भर में 33,442 क्विंटल की बंपर खरीदी दर्ज की गई। उपार्जन केंद्रों पर खरीदी का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिससे कुल खरीदी का आंकड़ा 3 लाख क्विंटल के पार पहुंच गया है।

परिवहन की स्थिति: 30 प्रतिशत हिस्सा अभी भी केंद्रों पर शेष

आंकड़ों का सबसे चिंताजनक पहलू परिवहन है। जिले का कुल परिवहन प्रतिशत 70.30 प्रतिशत है। इसका अर्थ है कि खरीदी गई कुल उपज में से 1,08,633.69 क्विंटल गेहूं अभी भी केंद्रों पर रखा हुआ है और गोदामों तक पहुंचने का इंतजार कर रहा है। रेडी टू ट्रांसपोर्ट (परिवहन के लिए तैयार) माल 2,81,922.96 क्विंटल है, जिसमें से केवल 1,98,179.41 क्विंटल का ही अब तक परिवहन हो सका है।

सेक्टर वार रिपोर्ट: बमीठा और छतरपुर की स्थिति

बमीठा सेक्टर: यहां परिवहन की स्थिति छतरपुर सेक्टर से बेहतर है। बमीठा सेक्टर का कुल परिवहन 81.59 प्रतिशत दर्ज किया गया है। यहां 2,404 किसानों से 93,702.50 क्विंटल की खरीदी हुई है।

छतरपुर सेक्टर: यहां स्थिति थोड़ी धीमी है। छतरपुर सेक्टर में कुल खरीदी 1,38,585.04 क्विंटल हुई है, लेकिन परिवहन मात्र 54.48 प्रतिशत ही हो पाया है।

प्रमुख उपार्जन केंद्रों का हाल

सबसे सुस्त परिवहन: सेवा सहकारी समिति नयाताल (17.46 प्रतिशत) और बरेठी-वीरो (16.24 प्रतिशत) जैसे केंद्रों पर परिवहन की गति बेहद धीमी है। वहीं सेवार, शाहगढ़ और जैतपुर जैसे केंद्रों पर परिवहन का आंकड़ा फिलहाल शून्य प्रतिशत पर बना हुआ है।

सबसे बेहतर प्रदर्शन: सेवा सहकारी समिति बमनौरा, नौगांव और हरपालपुर के कुछ केंद्रों ने 100 प्रतिशत परिवहन कर मिसाल पेश की है।

गोदाम स्तरीय उपार्जन की स्थिति

गोदाम स्तरीय केंद्रों पर कुल 72,369.41 क्विंटल की खरीदी हुई है, जिसका परिवहन प्रतिशत 84.85 प्रतिशत है, जो कि समिति स्तर की खरीदी से काफी बेहतर है।

मौसम के खतरे को कर रहे नजर अंदाज

हालांकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन 1 लाख क्विंटल से अधिक की शेष मात्रा केंद्रों पर खुले में रहने से मौसम की अनिश्चितता के बीच जोखिम बढ़ा रही है। प्रशासन को शेष 1.08 लाख क्विंटल अनाज के जल्द उठाव के लिए परिवहनकर्ताओं पर दबाव बनाने की आवश्यकता है।

आंकड़े एक नजर में (01-05-2026 तक):

कुल खरीदी: 3,04,656.95 क्विंटल

कुल परिवहन: 1,98,179.41 क्विंटल

परिवहन हेतु शेष: 1,08,633.69 क्विंटल

कुल किसानों की संख्या: 7,976

Published on:
03 May 2026 10:40 am
Also Read
View All