
छतरपुर. जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 14 लाख से अधिक हितग्राहियों तक खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी 656 उचित मूल्य दुकानों पर है। लेकिन नवंबर की सरकारी पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) रिपोर्ट में दुकानों की लेनदेन गतिविधि के आंकड़े वितरण व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जिले की 303 दुकानों में पूरे महीने के दौरान 10 दिन या उससे कम समय तक ही लेनदेन दर्ज हुआ। इनमें 72 दुकानें ऐसी हैं, जहां 0 से 5 दिन और 231 दुकानों में 6 से 10 दिन तक लेनदेन गतिविधि दर्ज की गई। जिले की 656 उचित मूल्य दुकानों में से 649 ऑनलाइन व्यवस्था से संचालित हो रही हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की सात दुकानों में तकनीकी समस्या के चलते अब भी आंशिक ऑफलाइन व्यवस्था से राशन वितरण किया जा रहा है।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली से 3 लाख 54 हजार 879 राशन कार्डधारी परिवार जुड़े हैं। इनके कुल 14 लाख 25 हजार 998 सदस्य हैं। इतनी बड़ी आबादी तक नियमित खाद्यान्न पहुंचाने के लिए जिले में 656 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं। नवंबर की रिपोर्ट में बड़ी संख्या में दुकानों पर सीमित दिनों तक लेनदेन दर्ज होना वितरण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जरूरत बताता है।
पीओएस रिपोर्ट में कम दिनों तक लेनदेन दर्ज होने का मतलब सीधे राशन वितरण में गड़बड़ी होना नहीं है। इसके पीछे हितग्राहियों की संख्या, राशन उठाव और वितरण की समय-सारणी जैसे कारण भी हो सकते हैं। हालांकि, 303 दुकानों में 10 दिन या उससे कम लेनदेन दर्ज होना विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े करता है। इस विषय पर डीएसओ ऋषि मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल लगातार बंद मिला।