
Chhatarpur School Holiday: मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए छुट्टी की घोषणा की गई है। 26 सितंबर, शनिवार को स्कूलों में विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश के अनुसार 26 सितंबर को विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी, जबकि शिक्षक पूर्ववत स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक और अन्य जरूरी काम करेंगे। किसी अपरिहार्य कारण से शिक्षक स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं तो संकुल प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारी उनकी उपस्थिति का सत्यापन करेंगे। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और कर्मचारी समस्या समाधान शिविर का आयोजन 26 और 27 सितंबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और शिकायतकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई में शामिल होंगे।
बता दें कि,छतरपुर के अलावा सतना और मैहर में भी तेज बारिश के अलर्ट के कारण अवकाश की घोषणा की गई है। प्रदेश के कई जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट है। सतना जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार शनिवार को तेज बारिश की आशंका को देखते हुए जिलेभर में नर्सरी से 8वीं क्लास तक के स्कूल बंद रहेंगे। इधर मूसलाधार बारिश की चेतावनी के कारण मैहर में नर्सरी से 12वीं क्लास तक के सभी स्कूलों का अवकाश घोषित किया गया है।
मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम के लिहाज से अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। विशेषकर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के निवासियों को सावधान रहना होगा। यहां के जबलपुर और रीवा संभागों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सागर और शहडोल संभागों के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना है। छतरपुर जिला सागर संभाग में ही आता है जिसके कारण स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गई है। शनिवार को प्रदेश के कुल 18 जिलों में अति भारी बारिश या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर-रीवा में तेज बारिश हो सकती है। इनके अलावा छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और सतना जिलों में बारिश का मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भिंड, दतिया,दमोह, डिंडौरी, कटनी, मैहर, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, जबलपुर, मंडला और शहडोल में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना है।