छतरपुर

खजुराहो से रनेह वॉटरफॉल मार्ग का होगा कायाकल्प- पीडब्ल्यूडी 18.82 करोड़ की लागत से करेगा 13 किमी लंबी सडक़ का चौड़ीकरण

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम और 9 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत, लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया की शुरू

2 min read
Mar 27, 2026
रनेहफाल रोड

जिले में पर्यटन और स्थानीय आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो से जुड़े आवागमन को सुगम बनाने के लिए रनेह वॉटरफॉल तक जाने वाली सडक़ का चौड़ीकरण अब 18.82 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

पर्यटकों और ग्रामीणों की राह होगी आसान

यह सडक़ राजनगर (शक्ति की मडयि़ा) से रनेह वॉटरफॉल तक लगभग 13 किलोमीटर लंबी है। वर्तमान में यह सडक़ काफी संकीर्ण और जर्जर स्थिति में है, जिससे यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस परियोजना के पूरा होने के बाद खजुराहो आने वाले पर्यटक कम समय में और अधिक आरामदायक तरीके से रनेह वॉटरफॉल तक पहुंच सकेंगे।

इन 9 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

सडक़ के चौड़ीकरण से न केवल पर्यटकों को सुविधा होगी, बल्कि राजनगर और रनेह वॉटरफॉल के बीच पडऩे वाले कुटनी डैम, हटकुआ, बनगांव और धुबेला सहित 9 गांवों के ग्रामीणों का जीवन स्तर भी सुधरेगा। इन गांवों के लोगों के लिए बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचना अब पहले से कहीं अधिक आसान होगा। बेहतर सडक़ होने से आपातकालीन सेवाएं भी गांवों तक समय पर पहुंच सकेंगी।

क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

रनेह वॉटरफॉल, जो केन नदी पर स्थित एक प्राकृतिक आकर्षण है, अपनी ग्रेनाइट चट्टानों और गहरी घाटियों के लिए प्रसिद्ध है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन खराब सडक़ उनके अनुभव को प्रभावित करती थी। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ पीके जडयि़ा के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया तेज कर दी गई है और संबंधित ठेकेदार से अनुबंध के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। यह परियोजना न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Published on:
27 Mar 2026 10:53 am
Also Read
View All

अगली खबर