छतरपुर

घर-घर विराजे विध्नहर्ता, मंगलमूर्ति मोरिया का गूंजा जयघोष

गली-गली में ढोल नगाड़ों और डीजे के साथ गणपति बप्पा मोरिया, मंगलमूर्ति मोरिया के जयघोष गूंज रहे थे। इधर, घरों में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना हुई, वहीं शहर में करीब आधा दर्जन स्थानों पर बड़े पंडाल लगाकर आकर्षक झांकियां सजाकर गौरीनंदन की स्थापना की गई।

2 min read
Sep 08, 2024
गणेश प्रतिमा को घर ले जाते श्रद्धालु

छतरपुर. शनिवार को गणेश स्थापना के साथ ही 10 दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत हो गई। इस दौरान शहर में सुबह से ही उत्सव का माहौल था। गली-गली में ढोल नगाड़ों और डीजे के साथ गणपति बप्पा मोरिया, मंगलमूर्ति मोरिया के जयघोष गूंज रहे थे। इधर, घरों में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना हुई, वहीं शहर में करीब आधा दर्जन स्थानों पर बड़े पंडाल लगाकर आकर्षक झांकियां सजाकर गौरीनंदन की स्थापना की गई। विध्नहर्ता के घर आने पर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

वाहनों पर सवार होकर पहुंचे गणेश


गणेश की प्रतिमाओं को उत्सव समितियों के सदस्य गाजे बाजे के साथ लेकर पहुंच रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रालियों में एक ओर सार्वजनिक स्थानों की बड़ी प्रतिमाएं थी, तो दूसरी ओर स्कूटर, बाइक, कार में श्रद्धालु छोटी प्रतिमाएं लेकर घर पहुंच रहे थे। शहर में यह नजारा हर ओर दिखाई दे रहा था और साथ में गणपति का जयघोष गूंज रहा था। गणेश उत्सव के चलते पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था। पंडालो में जगह-जगह झिलमिल झांकियां सजाकर गणेश स्थापना की गई है। सुबह से ही शहर में गणेश स्थापना की तैयारियां शुरू हो गई थीं। झांकी स्थलों पर रौनक थी, वहीं घरों में भी लोग स्थापना की तैयारियों में जुटे हुए थे। शुभ मुहूर्त में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की स्थापना की गई, इसके बाद गुड़ के मोदक, लड्डुओं का भोग लगाकर आरती की गई। गणेश स्थापना का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।

महाराष्ट्र मंडल में कार्यक्रमों का आयोजन


प्रथम पूज्य गणेश की स्थापना के साथ ही महाराष्ट्र मंडल में 10 दिवसीय उत्सव और कार्यक्रमों का आयोजन शुरु हो गया। लोकमान्य तिलक स्कूल परिसर में भगवान गणेश की भव्य झांकी सजाई गई। विधिविधान से पूजा कर गणेश मूर्ति की स्थापना के साथ ही पर्व की शुरुआत की गई। महाराष्ट्र मंडल में 10 दिन तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृ तिक आयोजन किए जाते हैं। जिसकी शुरुआत हो गई।

आरती में उमड़े लोग


शहर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं के पंडाल लगाए गए। पंडालों ने शहर में रौनक बिखेर दी। आकर्षक सजावट के साथ डीजे पर गूंज रहे गणेश भजनों से शहर गजानन की भक्ति में डूबा नजर आया। पंडालों में की गई रात के समय आरती में क्षेत्र के लोग बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे है।

Published on:
08 Sept 2024 10:44 am
Also Read
View All

अगली खबर