छतरपुर

कोई नहीं करता सफाई, गंदगी से से क्यों बेहाल हुए यहां के लोग

सीएमओ पहुंचे मनाने, नहीं माने सफाई कर्मी, आज भी नहीं लगेगी शहर में झाडू
2 min read
Feb 20, 2018
Work stop strike, cleaning, municipality, dirt
Work stop strike, cleaning, municipality, dirt

छतरपुर। सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल शुरू हो जाने के कारण शहर में सोमवार को सफाई नहीं हुई। पूरे शहर में कचरा फैला रहा। इस बीच नगर पालिका के सीएमओ सफाई कर्मियोंं को मनाने पहुंचे लेकिन वे नहीं माने। ऐसे में मंगलवार को भी हड़ताल खत्म होने की उम्मीद नहीं है। नगरपालिका ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पहले से कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की है। वह उम्मीद लगाए बैठी है कि हड़ताल खत्म होने पर सब ठीक हो जाएगा।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ द्वारा कलेक्टे्रट के सामने धरना शुरू कर दिया गया है। सोमवार से काम बंद हड़ताल पर सफाई कर्मियों के चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई। नगर पालिका अधिकारी द्वारा सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होने से शहर में जगह-जगह गंदगी का अंबार देखने को मिला।
शहर के 40 वार्डो में 450 सफाई कर्मचारी है। जिनके हड़ताल पर जाने से शहर की सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे हो गई। वहीं इससे निपटने के लिए नगरीय प्रशासन द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए। मौके पर पहुंचे सीएमओ के आश्वासन के बाद भी अपनी मांगों पर डटे कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म नहीं की। सफाई कर्मचारी संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तब तक हड़ताल चलेगी।
सीएमओ की चेतावनी से भड़के कर्मचारी :
सोमवार को सफाई कर्मचारियों के पंडाल में सीएमओ हरिहर गंधर्व पहुंचे और उन्होंने अनशनकारियों को हिदायत दी कि यदि आप लोग काम पर नहीं आए तो सभी की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। जिसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इससे मामला और बिगड़ गया। सफाई कर्मचारियों जिलाध्यक्ष आदित्य बाल्मीकी ने कहा है कि मंगलवार को संघ के प्रदेश महामंत्री रामोदर करोसिया आएंगे एवं उनके नेतृत्व में मंगलवार को मांग पूरी करने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं तब तक हमारा धरना-प्रदर्शन कलेक्ट्रेट के सामने मेला ग्राउंड में चलता रहेगा।
पूरे जिले में सफाई कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जा रही है। वे सभी नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे है। यह हड़ताल नौगांव, महाराजपुर, लवकुशनगर, बारीगढ़, चंदला, बिजावर, राजनगर, खजुराहो, बड़ामलहरा, गढ़ीमलहरा, हरपालपुर सहित सभी ब्लॉकों में कर्मचारियों द्वारा समान्य वेतन एवं नियमितीकरण को लेकर अनिश्चिकालीन कामबंद हड़ताल पर बैठे हुए है। वहीं सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। स्वच्छता निरीक्षक कैलाश राय ने बताया कि जल्द ही उनके अनुबंध पर आदेश 28 फरवरी तक दिया जाएगा एवं जल्द ही हड़ताल खत्म हो जाएगी।
इन मांगों पर हो रही हड़ताल :
सफाई कर्मचारियों की मांग है कि सभी कर्मचारियों को नियमिती किया जाए। सफाई उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, सभी को समान्य वेतन मिले, पदोन्नति का लाभ दिलाया जाए, शासन की सभी योजनाओं का लाभ दिया जाए। इन्हीं सभी मांगों को लेकर धरन-प्रदर्शन मांगे पूरी न होने पर चलता रहेगा।

Published on:
20 Feb 2018 11:19 am