
छतरपुर। जिले के चंदला मंडी परिसर में मंगलवार को हुई किसान महासभा में जय किसान आंदोलन के संयोजक एवं स्वराज अभियान के संस्थापक प्रो. योगेंद्र यादव ने कहा कि सरकार किसानों को कर्ज माफी के नाम पर छलना बंद करें, बल्कि उन्हें कर्ज से मुक्त करें। कर्ज माफी के नाम पर केवल धोखा हो रहा है। इस मौके मौजूद पूर्व विधायक एवं किसान संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. सुनीलम ने कहा कि फसल बीमा के नाम पर किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है। बैंक किसानों के खाते से मनमाने ढंग से मोदी जी के नाम पर जो रुपए काट रही है, उसका हक बैंकों को नहीं हैं। फसल बीमा की योजना के नाम पर किसानो के साथ हो रही मनमानी रुकनी चाहिए।
योगेंद्र यादव और सुनीलम यहां पर सुबह 11 बजे पहुंचे थे। दोपहर 3 बजे तक उन्होंने चंदला मंडी में किसानों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें संबोधित किया। भावांतर योजना की विसंगतियों के बारे में भी किसानों से चर्चा की गई। इस किसान महासभा के पहले जय किसान आंदोलन की टीम ने एक महीने पर किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं का खाका तैयार किया था, जो इस सम्मेलन में रखा गया। इस मौके पर दिल्ली से आए तुषार, देवेंद्र, अनिल, स्वराज अभियान के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कर्नल जयवीर सिंह, यूपी स्वराज अभियान की प्रभारी अर्चना श्रीवास्तव, स्वराज अभियान के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, ब्रह्जीत यादव ग्वालियर, जिला अध्यक्ष अरुणा सिंह परमार सहित अजय यादव और अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
समर्थन मूल्य के नाम पर भी किसानों से हो रही छलावा :
चंदला के कार्यक्रम से लौटने के बाद छतरपुर सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस में प्रो. योगेंद्र यादव ने मप्र सरकार को घेरा। उनके साथ पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम भी थी। यादव ने कहा कि किसानों की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। जो समर्थन मूल्य सरकार दे रही है वह कम है। जबकि मंदसौर गोली कांड के दौरान उपवास पर बैठे शिवराज सिंह ने यह घोषणा की थी कि यदि समर्थन मूल्य से कम पर किसानों से कोई खरीदी करेगा तो यह अपराध होगा और उसे सजा मिलेगी। योगेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि क्या अब सरकार ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेगी जो किसानों के साथ छल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसान समर्थन मूल्य से कम पर अपनी उपज किसी को भी न बेचे। उन्होंने यहां कहा कि मंडियों में जो खरीदी हो रही है उसमें किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। केवल व्यापारी ही पूरा खेल कर रहे हैं। किसानों के पंजीयन में भी मनमानी हुई है। पात्र किसानों के छतरपुर जिले में पंजीयन तक नहीं हुए हैं। योगेंद्र यादव ने यह भी कहा कि भावांतर योजना विसंगति पूर्ण है। इससे सीधे तौर पर किसानों की जगह व्यापारियेां को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों से लूट बंद होनी चाहिए। सरकार की योजनाओं के बारे में भी किसानों को पता नहीं है।