- सभापति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने जताया असंतोष- जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक - कहा-अधिकारी नहीं कर रहे समितियों की बैठक
छिंदवाड़ा। जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की गुरुवार को हुई बैठक में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और सभापतियों ने सरकारी कामकाज की धीमी गति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की स्थायी समितियों की बैठक नियमित रूप से प्रतिमाह संबंधित अधिकारी आयोजित नहीं कर रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने पूछा कि खाद्यान पात्रता सूची में कितने लोगों का नाम जोड़ा गया है।
राशन दुकानों के निरीक्षण के समय जिला पंचायत सदस्यों को बुलाने कहा गया था। पात्र परिवारों को राहत नहीं मिल रही है। आरईएस-2 की समीक्षा में घोघरानाला का सर्वे जल संसाधन विभाग के माध्यम से करने निर्देशित किया गया।
भूमिपूजन ने नहीं मिलाया
इसी तरह सदस्यों ने बताया कि भूमि पूजन के कार्यों में जिला, जनपद पंचायत के पदाधिकारियों को नहीं बुलाया जा रहा है। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास के उपस्थित नहीं होने पर सदन के सदस्यों ने नाराजगी जताई। सभापति महेश कुमार इवनाती ने कहा कि अधिकारी कोई भी जानकारी नहीं दे रहे हैं। वन विभाग की समीक्षा के दौरान संजय पुन्हार एवं अमित सक्सेना ने पौधारोपण की जानकारी देने कहा। हरित कांति योजना के संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष ने योजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जाने निर्देशित किया गया। जिसका लाभ जिले एवं ग्रामीणों को प्राप्त हो सकेगा।
तीतरा डुंगरिया रोड जर्जर, नया पुल की शिकायत
सभापति ने शिकायत की कि परासिया के सेमरताल से तीतरा डुंगरिया रोड जर्जर हो गई है। मरम्मत कार्य कराने कहा गया। चम्पालाल कुर्वे ने बताया कि पौनार विकासखण्ड अमरवाड़ा में नया पुल में गुणवत्ता की शिकायत बनी है। इसकी जांच कराई जाना चाहिए। इसी तरह तामिया क्षेत्र के बीएमओ अपने कार्य स्थल पर उपस्थित नही रहते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जिला चिकित्सालय में अत्यधिक गंदगी रहती है। वहां पीकदान रखा जाना चाहिए।