- सामूहिक विवाह समारोह में मचा बवाल- आपस में भिड़े भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता- कांग्रेस विधायक का छीना माइक- नारेबाजी और बहस के बीच हुई शादी
मध्य पप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अंतर्गत आने वाले पांढुर्णा में हुए एक सामूहिक विवाह समारोह के दौरान मंच पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने - सामने आ गए। बता दें कि, दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच सम्मेलन में भाषणबाजी के दौरान बहस शुरु हो गई। गरमा - गरमी के चलते सामुहिक विवाह समारोह का माहौल बिगड़ गया। इस तरह नारेबाजी और बहस के बीच सामूहिक विवाह जैसे तैसे संपन्न हो सका। बता दें कि, इस सामुहिक विवाह समारोह में 218 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे हैं।
दरअसल सामूहिक विवाह सम्मेलन की शुरूआत में पहले भाजपा पदाधिकारियों ने शिवराज सरकार की उपलब्धियां गिनानी शुरु कर दीं। इसके बाद कांग्रेस विधायक नीलेश उईके ने कमलनाथ की पंद्रह महीनों की सरकार की उपलब्धियां गिनाना शुरु कीं। यही नहीं, इस दौरान विधायक उइके ने ने शिवराज सरकार पर 2 हजार झूठी घोषणाएं करने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक से भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर सामने बैठे भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे।
दोनों पक्षों के बीच तनातनी का वीडियो आया सामने
भाजपाइयों ने कांग्रेस विधायक नीलेश उइके का माइक छीनकर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसपर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई तो वहीं, दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस शुरु हो गई। भाजपा नेता और कार्यकर्ता खड़े होकर विरोध करने लगे। भाजपा कार्यकर्ता विरोध में कांग्रेस विधायक और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंच पर पहुंच गए। इसके बाद करीब आधे घंटे तक समारोह के दौरान तनाव के हालत बने रहे।
तनातनी के बीच समपन्न हुआ सामुहिक विवाह समारोह
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अमले और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। जैसे-तैसे विवाह की रस्में पूरी कराई गई। तब कहीं जाकर सामुहिक विवाह समारोह का आयोजन संपन्न हो सका।